कांशीराम कालोनी के बंद क्वार्टर में मिली महिला की लाश


शाहजहांपुर I कांशीराम कालोनी में सोमवार सुबह बंद क्वार्टर से दुर्गंध आने से हड़कंप मच गया। कालोनी के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कालोनी पहुंच बंद क्वार्टर को खोला। अंदर महिला की लाश मिली। पुलिस ने पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।


चौक कोतवाली थाना क्षेत्र में बरेली मोड़ स्थित काशीराम कालोनी है। बताया जा रहा है कि कांशीराम कालोनी के 89 ब्लाक के एक क्वार्टर में सुमन रस्तोगी नाम की महिला रहती थीं। उनकी उम्र तकरीबन 48 साल थी। उनके पति की मौत हो चुकी है। वह अकेली रहती थीं। काफी समय से बीमार चल रही थीं। दो-तीन दिन से क्वार्टर का दरवाजा बंद था। सोमवार की सुबह कालोनी के लोगों को उनके क्वार्टर से दुर्गंध आई तो कालोनी के लोगों ने दरवाजे को धक्का दिया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद कालोनी के लोगों की भीड़ लगने लगी। पुलिस को सूचना दी गई। बरेली मोड़ स्थित अजीजगंज चौकी इंचार्ज नासिर खां अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कालोनीवासियों से पूछताछ की। किसी तरह दरवाजा खोला। देखा कि महिला की लाश पड़ी हुई थी। चौकी इंचार्ज ने तुरंत एम्बुलेंस बुलवाई और शव को पोस्टमार्टम भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि अगर महिला के परिवार में कोई है तो उन्हें बुलाकर शव को सुपुर्द कर दिया जाएगा। नहीं तो पुलिस उनका अंतिम संस्कार कराएगी।