भारत के इन शहरों में है ताजमहल की प्रतिकृति, देखकर चौंक जाएंगे आप

आप ताजमहल की प्रतिकृति कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी देख सकते हैं जिस स्थान पर यह प्रतिकृति है उसे बन्नेरघेट्टा मार्ग के नाम से जाना जाता है। 



दुनिया में सात अजूबे हैं, जिनमें एक अजूबा ताजमहल है। यह प्यार और त्याग का प्रतीक है। इस मकबरे को मुग़ल शासक शाहजहां ने अपनी बेगम की याद में बनवाया था, जिसे देखने के लिए देश और दुनिया से करोड़ों पर्यटक हर साल आते हैं। हालांकि, जिस समय ताजमहल का निर्माण कराया गया था, उस समय किसी ने नहीं सोचा था कि कल्पना की इस अनुपम कला की कोई प्रतिकृति भी हो सकती है, लेकिन इसकी खूबसूरती को देख कई शासकों ने इसकी प्रतिकृति बनवाने की पूरी कोशिश की। इसमें वे पूरी तरह से सफल नहीं हो पाए, लेकिन इस वास्तुकला की रचना जरूर हुई। अगर आपको इन प्रतिकृतियों के बारे में नहीं पता है तो आइए जानते हैं-


1. ताज महल, कोटा


राजस्थान विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। इस राज्य में कई विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल हैं, जिन्हें देखने देश-विदेश से लोग हर साल आते हैं। खासकर, पुष्कर, अजमेर और जयपुर में लोग बड़ी संख्या में जुटते हैं। इसके साथ ही राजस्थान के कोटा शहर में सेवन वंडर्स पार्क बनवाया गया है। जहां ताजमहल की प्रतिकृति है।


2. मिनी ताजमहल, बुलंदशहर


इस शहर में भी मिनी ताजमहल अवस्थित है, जिसे शहर के एक सेवानिवृत्त पोस्ट मास्टर फैजुल हसन कादरी ने अपनी पत्नी की याद में बनवाया था। इस ताजमहल की कहानी शाहजहां और मुमताज़ से मिलती- जुलती है। ऐसा कहा जाता है कि पोस्ट मास्टर फैजुल हसन कादरी ने अपने जीवन की पूरी कमाई मिनी ताजमहल बनवाने में लगा दी थी।


3. शहजादी का मकबरा, लखनऊ


लखनऊ नवाबों का शहर है। जहां आपको कई मकबरा देखने को मिल सकते हैं। इनमें एक शहजादी का मकबरा है, जो छोटा इमामबाड़ा परिसर में स्थित है। यह मकबरा बिल्कुल ताजमहल जैसा दिखता है। इतिहास के अनुसार, इस मकबरे में अवध के तीसरे सम्राट, राजा मोहम्मद अली शाह बहादुर की बेटी राजकुमारी जीनत असिया के शव दफन हैं।


4. बीबी का मकबरा, औरंगाबाद


इस मकबरे को शाहजहां के बेटे औरंगज़ेब ने 1679 में अपनी बीबी दिलरस बानू बेगम की याद में बनवाया था, जिसे बीबी का मकबरा के नाम से जाना जाता है। इसका आर्किटेक्ट ताजमहल बनाने वाले वास्तुकार उस्ताद अहमद लाहौरी के पुत्र अता-उल्लाह थे।


5. बेंगलुरु का ताजमहल


आप ताजमहल की प्रतिकृति कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी देख सकते हैं, जिस स्थान पर यह प्रतिकृति है, उसे बन्नेरघेट्टा मार्ग के नाम से जाना जाता है। इसका निर्माण मलेशियाई कलाकार सेकर द्वारा 2015 में निर्मित किया गया था। ऐसा हो सकता है कि यह ताजमहल की पूर्ण प्रतिकृति न हो, लेकिन यह मकबरा दर्शनीय है।