कानून मंत्री समेत 336 मरीजों को कोरोना, नौ मरीजों की मौत


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। राजधानी में बुधवार को कानून मंत्री समेत 336 मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई। वहीं,  24 घंटे में नौ मरीजों की सांसें थम गईं। इसमें चार मरीज शहर के निवासी हैं। बता दें, सोमवार और मंगलवार को 1118 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई, जबकि नौ की मौत हो चुकी है। मृतकों के परिवारजन भी संक्रमण की जद में आ चुके हैं। परिवहन आयुक्त कार्यालय के दो और आरटीओ के चार लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है।  जिसके बाद ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय बुधवार के लिए बंद कर दिया गया है।  सेनिटाइजेशन का काम जारी है। 


शिक्षाविद जगदीश गांधी भी कोरोनावायरस की जद में आ गए हैं। उन्हें बुखार की शिकायत थी।इसके बाद वायरस की जांच में पॉजिटिव पाये जाने पर संजय गांधी पीजीआइ में उन्हें भर्ती कराया गया है।अपट्रॉन के अधिशासी अभियंता में कोरोनावायरस का संक्रमण पाया गया है। इसके बाद बिजली घर 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया।


सिविल में स्टोर कीपर सहित चार मरीजों में निकला कोरोना


सिविल अस्पताल में बुधवार को अस्पताल के कार्यालय में स्टोर कीपर को कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं, ओपीडी में तीन व एक भर्ती महिला में कोरोना निकला। वार्ड में भर्ती महिला को लोकबंधु रेफर किया गया। वहीं, वार्ड व कार्यालय बंद कर सैनिटाइज कराया गया। वहीं, कर्मचारी को फिलहाल अस्पताल में क्वारंटाइन किया गया है।


1090 के दो कर्मचारी संक्रमित, 48 घंटे के लिए बंद 


वीमेन पॉवर लाइन में तैनात दो कर्मचारी बुधवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। इसकी जानकारी होने पर 1090 को 48 घंटे के लिए बन्द कर दिया गया है। संक्रमित कर्मचारियों के संपर्क में आए लोगों के सैम्पल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की तैयारी की जाएगी। एडीजी 1090 के मुताबिक इमरजेंसी की स्थिति में महिलाएं डायल 112 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। वीमेन पॉवर लाइन को सैनिटाइज कराया जा रहा है। 48 घंटे बाद वहां पूर्व की भांति कार्य शुरू किया जाएगा।