गंगा का जल स्तर बढ़ा, लोगों में दहशत


बिलग्राम/हरदोई : गंगा में लगातार चौथे दिन भी जलस्तर का बढ़ना जारी रहा। जलस्तर बढ़ने से लोग दहशत में हैं। राजस्व टीम ने मौके पर जाकर बाढ़ का जायजा लिया।


क्षेत्र के कटरी परसोला के मजरा मक्कूपुरवा के किनारे गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। पानी प्रतिदिन बढ़ रहा है। ऐसे ही जल स्तर में वृद्धि होती रही, तो बाढ़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी को देखते हुए प्रशासनिक अमला सतर्क है। बीते वर्षों हुए कटान से ग्राम मक्कूपुरवा और देवीपुरवा भी प्रभावित हुए थे। बाढ़ में दोनों गांवों कट गए थे। अब इन दोनों गांव के लोग एक साथ झोपड़ी डालकर रह रहे हैं। कुछ ने पक्के मकान भी बना लिए थे। गंगा का रुख एक बार फिर इस गांव की ओर है। गांव के सुंदरलाल, भगवानदीन, शिवमंगल, अंकित, बसंत तथा श्रीकृष्ण के मकान से चंद कदमों की दूरी पर गंगा का पानी बह रहा है। एक सप्ताह पहले श्रीकृष्ण का आधा मकान कट भी चुका है। लगातार बढ़ रहे पानी से लोग दहशत में हैं। गांव निवासी शिव कुमार ने बताया कि पानी बढ़ने से पूरे गांव पर खतरा मड़राने लगा है। अगर गांव कटा तो इन सबको सड़क किनारे ही शरण लेनी पड़ेगी। बीते वर्षों बाढ़ से मकान कट जाने पर बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे झोपड़ी डालकर जीवन यापन कर रहे हैं। एसडीएम कपिलदेव यादव ने गंगा किनारे बाढ़ का जायजा लिया। राजस्व कर्मियों को लगातार बाढ़ पर नजर रखने के निर्देश दिए।