68 करोड़ से शाहाबाद-सांडी मार्ग का होगा चौड़ीकरण


हरदोई: शाहाबाद-सांडी मार्ग पर सफर सुहाना होगा। 68 करोड़ 68 लाख से मार्ग दुरुस्त होगा और इसका चौड़ीकरण किया जाएगा। विधायक रजनी तिवारी ने हॉटमिक्स प्लांट का शुभारंभ किया। इस मार्ग पर 68 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।


शाहाबाद-सांडी मार्ग जर्जर है। क्षेत्र के लोगों द्वारा क्षेत्रीय विधायक से मार्ग दुरुस्त कराने की मांग की गई थी। क्षेत्रीय विधायक के प्रस्ताव पर शासन ने 38 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण कार्य को मंजूरी देते हुए 68 करोड़ 68 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया। क्षेत्रीय विधायक ने बताया कि इस सड़क के दुरुस्त व चौड़े होने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के हजारों ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस मार्ग के निमार्ण कार्य को स्वीकृत करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का आभार जताया। उन्होंने दलेलनगर गांव से बूढ़नपुर तक के सम्पर्क मार्ग का भी शिलान्यास किया। दलेलनगर के प्रधान सर्वेश सिंह, प्रधान संघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, परेली ग्राम प्रधान गोविद पाठक, ऊधरनपुर ग्राम प्रधान त्रिपुरेश मिश्रा, प्रधान शिरोमणि नगर राकेश अवस्थी, सिद्धांत मिश्रा और लोकनिर्माण विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।