विश्व में एक दिन में मिले रिकॉर्ड कोरोना पॉजिटिव मामले


जेनेवा । कोरोना वायरस की चपेट में आई दुनिया में महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बताया कि दुनियाभर में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड दो लाख 84 हजार 196 लोगों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है। एक दिन में नए मामलों का यह एक नया रिकॉर्ड है। इस अवधि में 9,753 पीड़ितों की मौत भी हुई। यह भी एक दिन में मरने वालों की सबसे बड़ी संख्या है। विश्व में कुल करीब एक करोड़ 60 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि अब तक छह लाख 40 से ज्यादा की जान गई है।


डब्ल्यूएचओ के डाटा के अनुसार, गत 18 जुलाई को एक दिन में सर्वाधिक दो लाख 59 हजार 848 नए मामले पाए गए थे। इस महीने रोजाना औसतन पांच हजार पीडि़त दम तोड़ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि शुक्रवार को अमेरिका में 69 हजार 641, ब्राजील में 67 हजार 860 और भारत में 49 हजार 310 नए मामले पाए गए। इन देशों समेत दुनिया के करीब 40 देशों में नए मामलों में उछाल आया है। कोरोना से सबसे ज्यादा मौत पेरू (3,876), ब्राजील (1,284) और अमेरिका (1,074) में हुई। दुनिया में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में हैं। इस देश में अब तक कुल 42 हजार 50 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। अमेरिका में लगातार चौथे दिन एक हजार से ज्यादा पीड़ितों की मौत से मरने वालों की संख्या बढ़कर एक लाख 48 से अधिक हो गई है। इसके बाद ब्राजील में करीब साढ़े 23 लाख मामले हैं। यहां 85 हजार से ज्यादा की मौत हुई है।


ब्रिटेन में स्विमिंग पूल और जिम भी खुले


ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण में कमी के मद्देनजर लॉकडाउन में ढील दिए जाने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अब इंग्लैंड में स्विमिंग पूल और जिम को भी खोलने की इजाजत दे दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि लोगों की सेहत को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है। ब्रिटेन में अब तक करीब तीन लाख लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 45 हजार से ज्यादा की जान गई है।


अफ्रीका में आठ लाख से ज्यादा संक्रमित


अफ्रीका महाद्वीप में कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा आठ लाख के पार पहुंच गया है। इनमें से सबसे ज्यादा मामले चार लाख 21 हजार दक्षिण अफ्रीका में हैं, जबकि 54 सदस्यीय अफ्रीकी महाद्वीप में केन्या में भी तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। इसके अलावा इस क्षेत्र के कई अन्य देशों में भी कोरोना तेजी से पांव पसार रहा है।


वायरस का असर


दक्षिण कोरिया : इस कोरियाई देश में करीब चार माह में पहली बार 100 से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए। गत 24 घंटे में 113 नए मामले मिले हैं।


पाकिस्तान : 1,487 नए संक्रमित पाए जाने से मुल्क में कोरोना रोगियों की संख्या दो 71 हजार से अधिक हो गई। 5,797 पीड़ितों की मौत हुई है।


ऑस्ट्रेलिया : दूसरे दौर की महामारी के खतरे का केंद्र बने विक्टोरिया प्रांत में 357 नए मामले पाए गए हैं। यहां रोकथाम को कई उपाय किए गए हैं।



रूस : देशभर में 5,871 नए पीड़ित पाए जाने से संक्रमित लोगों की कुल तादात आठ लाख छह हजार हो गई। कुल 13 हजार से ज्यादा मौत हुई है।


मेक्सिको : कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 42 हजार से अधिक हो गया है। अब तक तीन लाख 75 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं।


वियतनाम : इस देश में करीब तीन माह बाद कोरोना संक्रमण का पहला मामला पाया गया। यहां जंगली पशुओं के आयात पर रोक लगाई गई है।