उत्तर प्रदेश और बिहार में बिजली गिरने से 49 लोग की मौत


नई दिल्ली I उत्तर प्रदेश और बिहार में बिजली गिरने से शनिवार को कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई। वहीं मुंबई सहित देश के पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण दीवारें गिरने, पेड़ उखड़ने और जलजमाव की कई घटनाएं हुईं। राज्य में आज लगातार दूसरे दिन मूसलाधार बारिश हो रही है। वहीं, उत्तर भारत में आज मौसम गर्मी और उमस भरा रहा। पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 37-40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन-चार दिन तक दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।


उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने से 24 की मौत
आकाशीय बिजली गिरने से शनिवार को  24 लोगों की मौत हो गई। इनमें से दस की प्रयागराज तथा 14 पूर्वांचल में मौत हुई है। प्रयागराज  के कोरांव क्षेत्र में कुल छह लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। मरने वालों में कोरांव तहसील के शास्त्री नगर के केशव राम (35 ), दिघिया के इंद्रभूषण(46), खम्हारिया की लीला देवी उम्र (30),  बिरहा के भरतलाल (25), गेरुआडीह के सुनील (43), घोघासाही की छाया देवी (24), मांडा के देवा गांव के मो. सलीम (50), हंडिया के पूरे गोवई के मुकेश यादव, बरौत के रामचंद्र मौर्य व एक अन्य की मौत हो गई है। पूर्वांचल के छह जिलों में बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने 14 लोगों की जिंदगी छीन ली। सबसे ज्यादा छह लोगों की मौत मिर्जापुर में हुई है। इसके अलावा भदोही में चार की मौत हो गई है। वहीं जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर और सोनभद्र में एक-एक लोग की मौत हो गई। वहीं वज्रपात की चपेट में आने से 32 लोग झुलस गए हैं।


बिहार में आकाशीय बिजली ने ली 25 की जान
बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार, शनिवार (4 जुलाई) को राज्य में बिजली गिरने से 25 लोग की मौत हुई है। सबसे ज्यादा भोजपुर में नौ लोग की मौत हुई है, वहीं सारण में पांच, रोहतास में पांच, जहानाबाद में तीन, बक्सर में दो और औरंगाबाद में एक व्यक्ति की मौत हुई है। भोजपुर जिले में स्कूली छात्र समेत नौ लोगों की जान चली गई, जबकि दस लोग बुरी तरह झुलस गए। तीन का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। इनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं। सारण जिले में पांच लोगों की मौत हुई। 11 लोग झुलस गए। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। रोहतास में खेत में काम कर रहे पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।


भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मुंबई और पड़ोसी ठाणे जिले में शनिवार सुबह से अभी तक 100 मिलीमीटर से भी ज्यादा बारिश हुई है। उसके अनुसार, महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, कोलाबा मौसम ब्यूरो ने शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की, जबकि सांताक्रूज मौसम केंद्र ने इसी अवधि के दौरान 111.4 मिमी वर्षा दर्ज की। ठाणे-बेलापुर उद्योग संघ क्षेत्र में इस अवधि के दौरान 116 मिमी वर्षा की सूचना है। विभाग ने कहा कि मुंबई के उपनगरों और ठाणे में चार जुलाई को सुबह 8.30 बजे से अब तक 100 मिमी से अधिक वर्षा हुई। शहर में लगभग 50 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। मुंबई मौसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक के एस होसलीकर ने ट्वीट किया, मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में 24 घंटे तक भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।


बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने बताया कि शहर के निचले इलाकों जैसे...सिओन, दादर और मिलन सबवे में जलजमाव की सूचना है। एक अधिकारी ने कहा, अभी तक कहीं से बहुत ज्यादा जलजमाव की शिकायत नहीं है। उन्होंने बताया, पेड़ों की शाखाएं टूटने की 19 शिकायतें आयी हैं, लेकिन इन घटनाओं में कोई घायल नहीं हुआ है।


स्थानीय निकाय अधिकारियों ने कहा कि ठाणे में दीवार गिरने की दो घटनाएं हुई हैं, लेकिन उनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने मुंबई, रायगढ़ और रत्नागिरि के लिए शुक्रवार को रेड अलर्ट जारी किया था और पालघर, मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में कई स्थानों पर शनिवार को भारी से बहुत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया था। रायगढ़ जिले में अलीबाग ब्यूरो ने सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक 87.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की। रायगढ़ के दक्षिण में तटीय रत्नागिरी जिले में हरनाई में इसी अवधि के दौरान 52.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रत्नागिरी शहर के मौसम केंद्र ने 54.1 मिमी वर्षा दर्ज की।


हरियाणा और पंजाब में गर्मी से राहत नहीं
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हिरयाणा के हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे गर्म स्थान आगरा रहा, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान गोरखपुर में 34.1 मिलीमीटर, झांसी में 30.2, सोनभद्र के चुर्क में 19.4 तथा सुल्तानपुर में तीन मिलीमीटर वर्षा हुई।