पटना के बांसघाट पर पेट्रोल डालकर जला रहे कोरोना मरीजों के शव


पटना। बिहार की राजधानी पटना के बांसघाट स्थित श्मशान घाट में कोरोना संक्रमितों का शव खुले में जलाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। इससे संक्रमण के खतरे की आशंका जतायी है। इनका आरोप है कि शव को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़का जा रहा है। 


दरअसल, बांसघाट से गंगा की तरफ जाने वाले रास्ते के बगल में एक शेड को घेरकर कोरोना मरीजों का शव जलाया जाता है। आमतौर पर प्रशासन रात में शव जलाता था। गुरुवार दोपहर को यहां तीन शव जलाए जा रहे थे। आरोप है कि इनपर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश की जा रही थी। इसे देख सड़क पर कई लोग रुक गए। काफी भीड़ जमा हो गई। कई लोग हंगामा करने लगे कि पेट्रोल छिड़ककर शव को जलाया जा रहा है। 


वहीं, एक अन्य वायरल वीडियो में शव के अंतिम संस्कार के लिए मनमाना पैसा वसूलने का आरोप लगाते हुए देखा जा रहा है। बांसघाट के सामने मोहल्ले के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को पत्र लिखते हुए लाश कहीं अलग स्थान पर जलाने की मांग की है।