महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा कोरोना संक्रमितों के नए मामले


नई दिल्ली। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत समेत कई राज्यों में बढ़ते मामलों से संक्रमितों की संख्या पिछले तीन-चार दिनों में अचानक बहुत तेजी से बढ़ी है। 22 जुलाई को 12 लाख से कम मामले थे, जो अब बढ़कर सवा 13 लाख को पार कर गए हैं। तीन दिन में करीब डेढ़ लाख नए मामले बढ़े हैं। हालांकि, अच्छी बात ये भी है कि अब तक आठ लाख से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। इस महामारी से मरने वालों की संख्या भी 30 हजार को पार कर गई है।


राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पीटीआइ और अन्य स्रोतों से रात आठ बजे तक मिले आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार की देर रात से अब तक 40 हजार 730 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 17 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं। शुक्रवार को देश में 688 लोगों की मौत हुई, जिसमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 278, कर्नाटक में 110, तमिलनाडु में 88, उत्तर प्रदेश में 50, आंध्र प्रदेश में 49, बंगाल में 35, गुजरात में 26, जम्मू-कश्मीर में 14, मध्य प्रदेश में 11, असम व ओडिशा में छह-छह और केरल, हरियाणा व राजस्थान में चार-चार मौतें शामिल हैं।


वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरह से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे के दौरान सामने आए करीब 50 हजार नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 12 लाख 87 हजार से ज्यादा हो गई है। इस दौरान 740 लोगों की जान भी गई है और मृतकों की संख्या बढ़कर 30 हजार 601 पर पहुंच गई है। आठ लाख 17 हजार से ज्यादा मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं और सक्रिय मरीज चार लाख 40 हजार से कुछ ज्यादा ही रह गए हैं।


स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य स्रोतों से मिले आंकड़ों में अंतर का कारण राज्यों से केंद्र को मिलने वाली सूचनाओं में देरी है। इसके अलावा कई एजेंसियां सीधे राज्यों से आंकड़े लेकर जारी करती हैं।


महाराष्ट्र में नौ हजार से ज्यादा नए मामले


महाराष्ट्र में एक बार फिर नौ हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को 9615 नए केस मिले और संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर तीन लाख 57 हजार 117 हो गई है। 278 लोगों की मौत भी हुई है और मृतकों की संख्या भी बढ़कर 13,132 पर पहुंच गई है। गुजरात में 1,068 नए मामले मिले हैं। राज्य में अब तक 53 हजार 631 मामले सामने आए चुके हैं और 2,283 लोगों की जान भी जा चुकी है।


तमिलनाडु में दो लाख के करीब संक्रमित


तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के राज्यों में कोरोना का कहर ठहरता नहीं दिख रहा। नए मामलों में आंध्र प्रदेश ने तमिलनाडु को भी पीछे छोड़ दिया है। आंध्र प्रदेश में 8,147 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 80 हजार 858 हो गया है। अब तक 933 लोगों की जान भी जा चुकी है। तमिलनाडु में रिकॉर्ड 6785 नए केस मिले हैं और राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख के करीब पहुंच गया है। कोरोना से 3,320 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब तक एक लाख 99 हजार 749 संक्रमित सामने आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से एक लाख 43 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। कर्नाटक में पांच हजार सात नए मामले मिले हैं और मरीजों की संख्या 85 हजार 870 हो गई है। राज्य में अब तक 1,724 लोगों की जान भी जा चुकी है। केरल में भी 885 नए मामले मिलें हैं, लेकिन इससे ज्यादा 968 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली है। राज्य में अब तक 16 हजार 995 मरीज मिल चुके हैं। पुडुचेरी में 97 नए केस मिले हैं और कुल मरीजों की संख्या 2,513 हो गई है।