लोकबंधु अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए 100 बेड बढ़े


लखनऊ I राजधानी लखनऊ के कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। भर्ती की किल्लत को देखते हुए लोकबंधु अस्पताल में कोविड के 100 बेड और बढ़ा दिए गए हैं। अब वहां 200 बेड पर मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया जा सकेगा। 


कानपुर रोड स्थित लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल को कोविड-19 अस्पताल बनाया गया था। यहां पर 100 बेड पर कोरोना संक्रमित मरीजों की भर्ती की जा रही थी। बढ़ते मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए बेड बढ़ा दिए गए हैं। इस कोविड हॉस्पिटल में स्टाॅफ की काफी कमी है, जिसके लिए अस्पताल प्रशासन ने शासन को पत्र लिखा है।


अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कोविड हॉस्पिटल में 100 बेड और बढ़ा दिए गए हैं। अब 200 बेड पर मरीजों को भर्ती करके इलाज दिया जाएगा। हॉस्पिटल में मानव संसाधन की कमी है। इसके लिए शासन स्तर से मांग की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही अन्य संसाधन भी पूरे हो जाएंगे।