कोरोना संक्रमित भाजपा एमएलसी सुनील कुमार सिंह का निधन


पटना I दरभंगा स्थानीय निकाय से निर्वाचित भाजपा विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित भी थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह के निधन पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सुनील कुमार सिंह काफी लोकप्रिय थे। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी सुनील कुमार सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि सुनील कुमार सिंह ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों में आदर और सम्मान पाया था। सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष अभिरुचि थी। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने निधन की सूचना मिलते ही उनके पुत्र सुजीत कुमार से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी। साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।


वहीं उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी अपने शोक संदेश में कहा कि दरभंगा से आने वाले एमएलसी सुनील कुमार सिंह कोरोना से पीड़ित थे और पटना एम्स में भर्ती थे जहां उनका इलाज चल रहा था। आज अचानक शाम में हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई है। उनकी मौत से भाजपा परिवार और व्यक्तिगत तौर पर मैं मर्माहत हूं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शुभचिंतकों, समर्थकों व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।