जानें 26 से 29 जुलाई तक आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम


नई दिल्ली । देश के कई हिस्सों में हुई झमाझम बारिश से कई लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, काफी जगहों पर बारिश के कारण हालात खराब हो गए हैं। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते बाढ़ आ गई है। इन सबके बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 2 से 3 घंटों में कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 घंटों में कोटपूतली, विराटनगर (राजस्थान में दोनों) के आसपास के गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसी के साथ मुंबई में भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 


मुंबई में अगले 3 घंटे में बारिश के अलर्ट


मायानगरी में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अब जानकारी दी है कि अगले तीन घंटों में शहर के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। नीचे दिखाए गए वीडियों में  वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे के दृश्य हैं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भविष्यवाणी की, "अगले 3 घंटों के दौरान मुंबई और रायगढ़ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की तीव्र संभावना है।


तेलंगाना में लगातार बारिश के बाद आई बाढ़


तेलंगान के विकाराबाद जिले के तंदूर क्षेत्र में गांवों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आ गई है। यहां लोगों के घरों में पानी भर गया है।


बिहार में बाढ़ से हाहाकार


इधर बिहार में बारिश ने हाहाकार मचाया हुआ है। राज्य में बारिश के बीच नदियां उफान पर हैं इस कारण बाढ़ का कहर बढ़ता जा रहा है। सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं। खेतों में लगी फसलें डूब गई हैं। हजारों लोग विस्‍थापित हो चुके हैं। लोगों का निचले इलाकों से सुरक्षित जगहों पर जाना लगातार जारी है।


मध्य प्रदेश में सड़को पर भरा पानी


मध्य प्रदेश में गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद सीहोर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। सड़को पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया। तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह से लोग पानी में फंसे अपने वाहनों को बाहर निकाल रहे हैं।


26 से 29 जुलाई तक इन राज्यों में हो सकती है बारिश


इसी बीच मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि 26 और 28 जुलाई के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश होने की बहुत अधिक संभावना है। 27 जुलाई और 29 के दौरान पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश हो सकती है।


26 जुलाई को इन राज्यों में भी बरस सकते हैं मेघ


-  वर्षा की तीव्रता और वितरण उप-हिमालयी पश्चिम में बढ़ने की संभावना है। 26 जुलाई के दौरान बंगाल, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी से बहुत अधिक बारिश होने की संभावना है।


- 29 जुलाई, 2020. नागालैंड, मणिपुर में भारी बारिश देखने को मिल सकती है।  इसी अवधि के दौरान मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की उम्मीद है।