घरेलू विवाद में गोमती नदी में कूदी महिला, पुलिस ने बचाई जान


लखनऊ । पारिवारिक विवाद में रविवार देर रात एक महिला ने लक्ष्मण मेला के पास गोमती नदी में छलांग लगा दी। जानकारी पाकर लक्ष्मण मेला चौकी इंचार्ज ने मातहतों के साथ नदी में उतर कर महिला को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। एसीपी हजरतगंज अभय कुमार मिश्र के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है। वह किसी बात पर पति से नाराज होकर घर से बाहर निकली थी।


इंस्पेक्टर हजरतगंज अंजनी कुमार पांडेय के मुताबिक लक्ष्मण मेला के पास रहने वाले शुभम बंसल की शादी एक जुलाई को काजल से हुई थी। बताया जा रहा है कि काजल शादी नहीं करना चाहती थी। हालांकि घरवालों के दबाव में उसकी शादी हो गई। रविवार को किसी बात पर काजल का शुभम से विवाद हो गया था। इसके बाद काजल रविवार रात में घर से निकल गई थी। इसके बाद उसने लक्ष्मण मेला के पास गोमती नदी में छलांग लगा दी। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। काजल के घरवालों को घटना की सूचना दे दी गई है।