डॉक्टर और उनकी पत्नी समेत 22 लोग निकले कोरोना पॉजिटिव


शाहजहांपुर। कोरोना संक्रमितों की सूची में शुक्रवार को 22 लोगों के नाम और बढ़ गए। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 560 तक जा पहुंची है। शुक्रवार को आई संक्रमितों की सूची में एक डॉक्टर और उनकी पत्नी समेत मेडिकल कॉलेज के दो कर्मचारी शामिल हैं। चिनौर में तीन बच्चों समेत एक परिवार सात लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक 282 मरीज डिस्चार्ज होकर घर चले गए। 276 का अभी काविड केयर सेंटरों में उपचार चल रहा है। जिले में अब तक 19019 लोगों के सैंपल भी लिए जा चुके हैं।


दिनोंदिन बढ़ रही संक्रमितों की संख्या से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के माथे की लकीरें गहरी होती जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार शुक्रवार को जो संक्रमित मिले हैं, उनमें बहादुरगंज निवासी डॉक्टर दंपती, नई बस्ती रेती में 55 वर्षीय और 52 वर्षीय व्यक्ति, मेडिकल कॉलेेज में 58 वर्षीय सीनियर फार्मासिस्ट और 24 वर्षीय महिला कर्मचारी शामिल है। इसके अलावा चिनौर में 40 वर्षीय पुरुष, 38 वर्षीय महिला, तीन साल की बच्ची, 32 साल की महिला, 15 साल की किशोरी, नौ साल का बच्चा, दो साल की बच्ची की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों के क्षेत्रों की बैरिकेडिंग कर कंटेन्मेंट जोन बना दिया गया।