सपा विधायक के परिवारजन समेत 27 और लोगों में कोरोना, अब तक 704 पॉजिटिव


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। गुरुवार को शहर में सपा विधायक के परिवाजनों समेत 27 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। ऐसे में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप है।


इसमें पांच महिलाएं व 11 पुरुष हैं। इसमें कृष्णानगर में छह मरीज, राजाजीपुरम में तीन मरीज, सरोजनी नायडू मार्ग के तीन मरीज, माल एवन्यू निवासी संक्रमित विधायक के दो परिवारजन, दो गोमतीनगर, एक गोमती नगर विस्तार, दो इंदिरा नगर, एक शक्ति नगर, एक तेलीबाग, वृंदावन का एक मरीज, पारा रोड का एक मरीज, कैसरबाग एक मरीज, अशर्फाबाद एक मरीज, जानकीपुरम एक मरीज व पानी गांव का एक मरीज है। ऐसे में मरीजों की संख्या 704 हो गई है। संक्रमित में एक पीएसी जवान भी है।


15 इलाकों में मिले मरीज, कैसरबाग में लौटा वायरस


कैसरबाग में कई दिनों तक वायरस का प्रकोप छाया रहा। इसके बाद वहां नए केस नहीं आ रहे थे। अब दोबारा एक केस मिला है। वहीं गुरुवार को अलग-अलग 15 इलाकों में वायरस पाया गया है। ऐसे में शहर में हड़कंप रहा। स्वास्थ्य विभाग के लिए मरीजों के संपर्क तलाशने व क्षेत्र में स्क्रीनिंग करना चुनौती बनी हुई है।


दस हजार लोगों का ब्योरा जुटाया


सीएमओ की टीम ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। टीम द्वारा कुल 2418 घरों का भ्रमण किया गया। इस दौरान 10,144 लोगों का स्वास्थ्य ब्योरा जुटाया। कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 344 लोगों के सैंपल जांच के िलए केजीएमयू भेजा गया। वहीं, 18 रोगियों को डिस्चार्ज किया गया है।


दुबग्गा स्थित मॉडर्न अस्पताल का वार्ड सील 


संक्रमित मरीज मिलने के बाद दुबग्गा के मॉर्डन अस्पताल के एक वार्ड को 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया है। 


माल एवेन्यू और राजाजीपुरम कंटेनमेंट जोन में तब्दील 


गुरुवार को दो नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए। इसमें से माल एवेन्यू में कोरोनो के दो मामले सामने आए हैं। वहीं, राजाजीपुरम के एफ ब्लॉक में भी तीन मरीज मिले हैं। अब कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या 28 हो गई है ।


बलरामपुर व सिविल में दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव


बलरामपुर जिला चिकित्सालय व सिविल अस्पताल में गुरुवार को एक-एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। बलरामपुर की इमरजेंसी में बुधवार को दिखाने आए युवक को बुखार व गले में खरास की समस्या के चलते उसे आइसोलेशन में रखा गया था। साथ ही नमूना लेकर जांच कराई गई। रिपोर्ट देर शाम पॉजिटिव आने के बाद मरीज के सीधे संपर्क में आए करीब चार स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है। नियमानुसार पांचवें दिन इन सभी का नमूना लेकर जांच को भेजा जाएगा। मरीज जिस वार्ड में भर्ती था उसे 24 घंटे के लिए बंद करके सैनिटाइज करा दिया गया है। सीएमएस डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि एक दिन पहले मरीज को संदिग्ध लक्षणों के चलते आइसोलेशन में रखा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे लोकबंधु में शिफ्ट करवा दिया गया है। वहीं सिविल अस्पताल में भी बुधवार को आइसोलेशन में भर्ती हुए एक मरीज की रिपोर्ट गुरुवार को दोपहर में पॉजिटिव आई है, जिसके बाद उसे लोकबंधु में शिफ्ट करवा दिया गया है। जिस वार्ड में मरीज भर्ती था, उसे सैनिटाइज करवाकर 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है।