RPF के तीन जवान समेत 11 और पॉजिटिव, ए‍क बुजुर्ग की कोरोना से मौत


लखनऊ । उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर कोरोना का विस्‍फोट हुआ। शहर में कोरोना संक्रमण की चपेट में सबसे अधिक युवा आए हैं। इसमें पुरुषों की संख्या सर्वाधिक है। वायरस धीरे-धीरे महिलाओं पर भी हमलावर हो रहा है। लिहाजा, उन्हें भी अलर्ट रहना होगा। राजधानी में शनिवार को आरपीएफ के तीन जवान समेत 11 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें एक मरीज दूसरे जनपद का है।


दस मरीजों में नौबस्ता, फूलबाग व न्यू हैदराबाद निवासी तीन महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा तीन आरपीएफ के जवान हैं। एक निजी अस्पताल का वार्ड ब्वॉय है, यह सीतापुर रोड पर रहता है। इसके साथ ही महात्मा गांधी मार्ग निवासी एक युवक में वायरस की पुष्टि हुई है। एक अन्य मरीज 50 वर्षीय केजीएमयू में भर्ती किया गया है। वहीं एक की बलरामपुर अस्पताल में मृत्यु हुई है। 11वां मरीज मऊ निवासी संक्रमित पाया गया है। यह लोहिया संस्थान में पिता का इलाज कराने गया था। तीन दिन पहले पिता में भी वायरस की पुष्टि हुई थी।


आरपीएफ के तीन जवान और कोरोना पॉजिटिव


इनमे दो चारबाग पोस्ट और एक मालगोदाम चौकी पर तैनात थे। इनमे कोई लक्षण नहीं थे। तीनों उसी बैरक में रहते थे, जहां से चार जून को एक आरपीएफ जवान पॉजिटिव पाया गया था। अब आरपीएफ में कुल पॉजिटिव की संख्या छह हुई है।


442 हुई मरीजों की संख्या, नहीं लगा रहा ब्रेक


शहर में संक्रमित मरीज 442 हो गए हैं। सात मई से शहर में कोरोना के केस लगातार आ रहे हैं। एक भी दिन बीच में वायरस की चेन ब्रेक नहीं हुई है। यह चिंताजनक है।


13 हजार लोगों का जुटाया स्वास्थ्य ब्योरा


सीएमओ की टीम ने एमिटी यूनिवॢसटी जगपाल खेड़ा, डूडा कॉलोनी, ग्रीन सिटी, मल्हौर पुरवा में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। टीम ने 2884 घरों का सर्वे किया। इसमें 13558 लोगों का स्वास्थ्य ब्योरा जुटाया गया। इस दौरान 236 लोगों का सैंपल संग्रह कर जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया। पॉजिटिव पाए गए 10 मरीजों में तीन महिलाएं और सात पुरुष हैं।


बलरामपुर अस्पताल में बुजुर्ग की मौत


बलरामपुर अस्पताल में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की मौत हुई। वहीं, देर रात आई रिपार्ट में वायरस की पुष्टि हुई है। ऐशबाग निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति को बुखार, जुकाम था। अचानक उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। ऐसे में मरीज को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसका स्वैब सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजा। वहीं इलाज के दरम्यान मरीज की मौत हो गई। इसके बाद मरीज की बॉडी को मॉच्र्यूरी में रख दिया गया। निदेशक डॉ. राजीव लोचन के मुताबिक, देर रात आई रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। अब परिवारजनों के सैंपल संग्रह कर जांच के लिए भेजे जाएंगे।


लोकबंधु में शिफ्ट किया गया संक्रमित


राजधानी के सिविल अस्पताल में तीन दिनों से भर्ती 62 वर्षीय एक मरीज की कोरोना रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आने के बाद उसे लोकबंधु अस्पताल में शिफ्ट करा दिया गया है। सांस लेने में दिक्कत व बुखार की शिकायत के बाद सिविल अस्पताल के आइसोलेशन में उसे भर्ती कराया गया था। जिस वार्ड में मरीज भर्ती था, उसे बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। संपर्क में आए लोगों का स्वास्थ्य ब्योरा जुटाया जा रहा है। लोकबंधु व सिविल अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि मरीज को भर्ती करने के दौरान सभी एहतियात बरते गए थे।


पीजीआइ में भर्ती मरीज का तीमारदार निकला पॉजिटिव


पीजीआइ के होल्डिंग एरिया में भर्ती एक मरीज का तीमारदार संक्रमित मिला है। उसे आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक हफ्ते पहले पीजीआइ से छुट्टी के बाद अमेठी स्थित घर पहुंचे मरीज को सर्दी और बुखार के लक्षण मिले। इसपर उसने जांच कराई तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पीजीआइ प्रशासन ने होल्डिंग एरिया के साथ ही दूसरे मरीज के भर्ती वाले वार्ड को सैनिटाइज कराया। वहीं, अब पीजीआइ प्रशासन ने स्कैनिंग में भी विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। मरीज के संपर्क में आने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारंटाइन किया गया है।


अब लखनऊ में 13 इलाके हॉटस्‍पॉट 



  • कैसरबाग सब्‍जी मंडी के आस - पास का क्षेत्र (कैसरबाग थाना)

  • पांचवी गली निशातगंज, लखनऊ (महानगर थाना) 

  • सीएसए नगर दरोगा खेडा सरोजनीनगर (सरोजनीनगर थाना)

  • करीम शाह की मस्जिद चिकमंडी मौलवीगंज (अमीनाबाद थाना)  

  • बाल्‍मिकी बिहार, सदर (कैंट थाना) 

  • चरक चिकित्‍सालय, हरदोई रोड (ठाकुरगंज) 

  • प्रसादी खेडा निकट त्रिपति विहार दुर्गा देवा मंदिर, पारा (पारा) 

  • तकिया आजमबेग बारूदखाना गोलागंज (वजीरगंज)

  • जीआरपी चारबाग, लखनऊ (नाका)

  • न्‍यू गुलिस्‍तान कालोनी चिनहट (लखनऊ) 

  • फातिमा हॉस्‍पिटल लखनऊ (महानगर) 

  • मोनार्च आपर्टमेंट न्‍यू हैदराबाद लखनऊ (महानगर) 

  • निजामपुर मल्‍हौर नियर रेलवे स्‍टेशन (चिनहट)