लखनऊ में एक दिन में मिले 65 पॉजिटिव, अब तक 887 संक्रमित


लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। राजधानी में बुधवार को कोरोना विस्फोट हुआ। एक दिन में दूसरा सर्वाधिक 65 संक्रमित मामले सामने आए हैं। इसमें 23 पीएसी, 13 इंश्योरेंस कंपनी शाहनजफ रोड, 8 इंदिरानगर के एक संक्रमित परिवार के, चार आलमबाग के एक संक्रमित परिवार के व आठ अन्य इलाकों से हैं। ऐसे में अब राजधानी में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 887 हो गई है। वहीं, बाराबंकी में पीएसी के चार जवानों समेत पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उधर, हरदोई में छह लोगों में कोरोना मिला है। 


16 जून को मिले थे सर्वाधिक मामले 


बता दें, इससे पहले 16 जून को एक दिन में सर्वाधिक 66 मरीज मिले थे। उससे अभी यह एक कम है। लॉकडाउन में इससे पहले एक दिन में 18 अप्रैल को 56 मरीज मिले थे। लॉकडाउन से ऐसा तीसरी या चौथी बार हुआ है। जब एक दिन में 50 से अधिक मरीज मिले हैं। पिछले 10 दिन में दूसरी बार एक दिन में 60 से अधिक मरीज मिले हैं। 


बाराबंकी : पीएसी के चार जवानों समेत पांच की रिपोर्ट आई पॉजिटिव


जिले में कोरोना के पांच नए केस पाए गए हैं। मंगलवार की देर रात अाई रिपोर्ट में पीएसी के चार जवान और दिल्ली से आया एक व्यक्ति शामिल है। यह जानकारी देते हुए डीएम डॉक्टर आदर्श सिंह ने बताया कि संक्रमित मिले जवान लखनऊ से ड्यूटी करके लौटे थे। वर्तमान में जिले में  67 कोरोना संक्रमित हैं।


हरदोई में छह और निकले कोरोना पॉजिटिव


जिले में छह और कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। मंगलवार की देर रात आई रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई। जिसमें तीन हरियावां के बूढ़ा गाँव, एक बिलग्राम, एक संडीला में है। जिन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, हरदोई का एक व्यक्ति लखनऊ के केजीएमयू  हॉस्पिटल में भर्ती है। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 197 पहुँच गई है। जिसमें 136 कोरोना मुक्त हो चुके है।


सीतापुर के हुसैनगंज मुहल्ले में एक महिला और संक्रमित


शहर के मुहल्ला हुसैनगंज में एक और महिला संक्रमित मिली है। ये महिला दिल्ली से लौटी थी। इसके साथ ही दिल्ली से आई एक अन्य महिला पहले ही  पॉजिटिव  मिल चुकी है। वह एल-1 अस्पताल खैराबाद में भर्ती है। इस महिला के पॉजिटिव मिलने के बाद उसके साथ आए अन्य तीन लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। ये सैंपल में एक अन्य महिला व पूर्व में पॉजिटिव मिली महिला के दो बच्चे के थे। जिसमें संबंधित 26 वर्षीय दूसरी महिला भी पॉजिटिव पाई गई है। इसे भी एल-1 अस्पताल खैराबाद में भर्ती कराया जा रहा है।