कोरोना से जान गवां चुके लोगों के सात परिवारीजन के साथ 11 पॉजिटिव


लखनऊ । अब कोरोना से निधन के बाद उनके परिवारीजनों पर आफत टूट पड़ी है। मृतकों के परिवारीजन लगातार संक्रमण की जद में आ रहे हैं। सोमवार को राजधानी के कुल 18 मरीज पॉजिटिव आए हैं। इनमें लखनऊ के 11 मरीज शामिल हैं। जिसमें छह महिला व पांच पुरुष हैं। इनमें सात मरीज मृतकों के परिवार के ही सदस्य हैं।


ऐशबाग हबीबनगर निवासी बुजुर्ग की बीते शुक्रवार को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई थी। शव की कोरोना जांच कराई गई थी। जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। मृतक के परिवार के चार सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन मरीजों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


वहीं ऐशबाग निवासी बलरामपुर अस्पताल के पूर्व निदेशक की मौत के बाद बेटे में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी थी। अब मृतक की बहन-बहनोई और ड्राइवर में संक्रमण का पता चला है। इन सभी को बीकेटी स्थित राम सागर मिश्र हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आईटी कॉलेज के निकट स्थित लविवि प्रोफेसर के पति भी संक्रमित हो गए हैं। ठाकुरगंज का एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। मोहनलालगंज स्थित प्रवासी में कोरोना वायरस मिले हैं। वह बीते दिनों दिल्ली की यात्रा कर लौटे हैं।


279 नमूने लिए
सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मुताबिक मृतकों के परिवारीजनों की जांच कराई जा रही है। इन लोगों के संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कराई जा रही है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम इलाके का भ्रमण कर रही है। लक्षणों के आधार पर 279 नमूने लिए गए। टीम में ऐशबाग की एलडीए कॉलोनी, न्यू भदेवा, भदेवा, प्रकाश पुरम, बिल्लौचपुरा आदि क्षेत्रो में संक्रमण से मुक्ति के लिए 30 टीमों ने जागरुकता अभियान चलाया।


सऊदी से लौटे दो यात्री पॉजिटिव
सऊदी अरब से लौटे दो यात्री में कोरोना का पता चला है। दोनों को बीकेटी के राम सागर मिश्रा अस्प्ताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ के मुताबिक चार जून की शाम को एयरपोर्ट पर सऊदी से एक फ्लाइट आयी थी। एयरपोर्ट पर स्कीनिंग के दौरान तीन लोगों में कोरोना के लक्षण मिले। इन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पांच जून को तीनों का नमूना लेकर जांच कराई गई। रिपोर्ट में देवरिया व गाजीपुर के लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। एक यात्री की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। स्वस्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट प्रशासन को जानकारी दी है। जांच के लिए फ्लाइट में संपर्क में आने वाले स्टाफ की सूची मांगी गई है। दो हरदोई, एक आजमगढ़, एक झांसी और एक फरुर्खाबाद निवासी में संक्रमण की पुष्टि हुई है।