कोरोना का खात्मा के मद्देनजर पांच राज्यों में इलाज के लिए पहुंचे 960 कोच


नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना महामारी के निपटने के उपायों की घोषणा के बाद रेलवे ने दिल्ली के नौ स्टेशनों पर 503 आइसोलेशन कोच उपलब्ध कराए हैं। वहीं, पांच राज्यों में ऐसे कुल 960 कोच लगाए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया, कोरोना मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के मद्देनजर इन कोचों को विशेष तौर पर तैयार किया गया है। दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन पर सबसे ज्यादा 267 कोच लगाए गए हैं। शकूर बस्ती और सराय रोहिल्ला स्टेशन पर 50-50 कोच लगाए हैं। इसके अलावा दिल्ली कैंट स्टेशन पर 33, आदर्श नगर स्टेशन पर 30, सफदरजंग स्टेशन पर 21, पटेल नगर पर 26 और और तुगलकाबाद स्टेशन पर 13-13 आइसोलेशन कोच लगाए हैं।


महाराष्ट्र के बाद देश में दिल्ली में कोरोना का प्रकोप सबसे ज्यादा है। राजधानी में संक्रमण के मामले 44 हजार से ज्यादा पहुंच गए हैं, जिनमें से 1837 लोगों की मौत हुई है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को कई उपायों की घोषणा की थी, जिसमें रेलवे को 500 कोच उपलब्ध कराने को कहा गया था।  
उत्तर प्रदेश में 372 कोच
अधिकारियों ने बताया, दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में 372, तेलंगाना में 60, आंध्र प्रदेश में 20 और मध्य प्रदेश में पांच आइसोलेशन कोच उपलब्ध कराए गए हैं। उतर प्रदेश के झांसी स्टेशन स्थित रेलवे वर्कशॉप में 52, लखनऊ में 37, मऊ और भाटनी में 24-24, कानपुर में 22, आगरा में 20 और झांसी में 15 कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा वाराणसी सिटी, बरेली, फर्रुखाबाद, कासगंज, गोंडा, नखा जंगल, नौतनवा, बहराइच और मंडुआडीह में 12-12 कोच लगाए गए हैं। वहीं दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, भदोही, फैजाबाद, सहारनपुर, मिरजापुर और सूबेदारगंज में 10-10 कोच लगे हैं।