दो भाइयों की संक्रमित रिपोर्ट आने पर कुदिन्ना गांव सील


शाहजहांपुर I कोरोना का कहर जारी है। रविवार को निगोही के कुदिन्ना गांव के रहने वाले दो सगे भाई और रोजा के हथौड़ा गांव के वकील की बहू की रिपोर्ट पाजिटिव आई। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई। लोगों से घरों में रहने की अपील की। कहा कि कोरोना को हराना है, तो घर पर ही रहना होगा। आपका घर ही युद्ध का मैदान है। कहा कि खुद सुरक्षित रहें और परिवार को भी सुरक्षित रखें। अब निगोही क्षेत्र में संक्रमित लोगों की संख्या पांच हो गई हैं। इनमें से लोहरगवां व पॉवर हाउस कालोनी के संक्रमित दो लोग सही हो गए हैं।


2500 कुदिन्ना गांव की आबादी है


निगोही के कुदिन्ना गांव की आबादी करीब 2500 बताई जा रही है। दो सगे भाइयों की रिपोर्ट आने से गांव का 250 मीटर का एरिया सील कर दिया जाएगा। गांव पहुंची पुलिस ने सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। गांव में बेरीकेटिंग होना शुरू हो गया है। लोग घरों में कैद हो गए हैं।


संक्रमित सगे भाइयों के परिवार में हैं 10 लोग


निगोही के कुदिन्ना गांव के रहने वाले दो सगे भाई कुछ दिन पूर्व हरियाणा से लौटे हैं। वे हरियाण में एक कंपनी में काम करते थे। उनके परिवार में दस लोग और हैं। अब दोनों की रिपोर्ट संक्रमित आने पर बाकी के सदस्यों की भी जांच कराई जाएगी। साथ ही दोनों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट तैयार की जा रही है।


पूरे कुदिन्ना गांव को सेनेटाइज किया गया


दो सगे भाइयों की रिपोर्ट पाजिटिव आते ही ग्रामीण घरों में कैद हो गए। बच्चों व बुजुर्गों से घर से न निकलने के लिए कहा। थोड़ी ही देर बाद कर्मचारियों ने पूरे गांव को सेनेटाइज किया। दीवारों व खिड़कियों को भी सेनेजइज किया।