चार और नए कोरोना संक्रमित केस मिले, संख्या हुई 94


शाहजहांपुर I जनपद में कोरोना का प्रकोप जारी है। शनिवार को चार और नए केस संक्रमित मिले हैं। अब संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है। इनमें से 42 लोग ठीक भी हो चुके हैं। आज तीन संक्रमित लोग रिलायंस कर्मचारी के संपर्क में आए लोग हैं। इनमें से एक 80 साल की महिला भी शामिल है। चौथा संक्रमित युवक दिल्ली से लौटकर आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट तैयार करना शुरू कर दी है। ताकि उनकी जांच कराई जा सके।कांट कस्बे से सटे रावतपुर गांव का युवक कोरोना पाजिटिव पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंच युवक को कोविड अस्पताल भिजवाया। गांव का 250 मीटर का एरिया की दो गलियों समेत अन्य रास्तों पर बैरियर लगाकर सील कर दिया गया। पूरे गांव को सेनेटाइज कराया गया। एसडीएम सदर सुरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंच दिशा-निर्देश दिए। बता दें कि युवक रोजा के रिलायंस थर्मल पावर में इलेक्ट्रिक विभाग में कार्यरत था। कंपनी में उसके साथ 12 लोगों का ग्रुप था। एक सप्ताह पहले ग्रुप के एक सफाई कर्मचारी की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। इसके बाद ग्रुप के सभी सदस्यों का सैंपल भेजा गया। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया। शनिवार दोपहर युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई। नई बस्ती रेती मोहल्ले के रहने वाले युवक की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। वह रिलायंस पावर परियोजना में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। 17 जून को परियोजना के अंदर काम करने वाली कंपनी गोविंद सेल्स के सफाई कर्मचारी की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। इसी कंपनी के कांट के युवक की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई। परियोजना में अब तक तीन कर्मचारी पाजिटिव पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर परियोजना ने अपने सभी ब्लाकों को सेनेटाइज करवाया है।


पुवायां। बहन की शादी में आया बनिगवां गांव का युवक कोरोना पाजिटिव पाया गया। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए। कोरोना पाजिटिव युवक को कोविड अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि युवक बालीबुड में काम करने मुंबई गया था। बहन की शादी में शामिल होने युवक मुंबई से दिल्ली होते हुए घर आया। ग्राम प्रधान ने उसकी जांच कराई थी। शुक्रवार की रात पूरा गांव सील कर दिया गया। एसडीएम दशरथ कुमार ने कहा कि गांव से न कोई बाहर जाएगा और न ही कोई आएगा।


बंडा। नवदिया बरगदा गांव में शुक्रवार को दिल्ली से आए युवक की रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। शनिवार को चिकित्सा अधीक्षक डा. मनोज कुमार मिश्रा ने दिशा-निर्देश दिए। रैपिड रिस्पांस टीम संग पहुंच लोगों की स्क्रीनिंग की। सावधानी बरतने की अपील की। संक्रमित युवक के संपर्क में आए दस लोगों को जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजा। चिकित्सा अधीक्षक डा. मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि हाट स्पाट से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।