शाहजहांपुर में डबल मर्डर में एअरफोर्स कर्मी समेत छह नामजद


शाहजहांपुर । शहर से सटे चिनौर गांव के तिराहा पर रविवार रात पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। देर रात मृतक की पत्नी गीता ने वालीबाल खिलाड़ी, एअरफोर्स कर्मचारी, वकील समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रात को ही दबिश देकर आरोपी निखिल व विनोद को हिरासत में ले लिया। अब पुलिस पकड़े हुए लोगों से पूछताछ कर रही है। बाकी की तलाश में दबिशें दे रही है।


चिनौर गांव निवासी गीता देवी ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ओसीएफ स्टेट के निखिल, आवास विकास कालोनी के आदर्श, गदियाना के विनोद कुमार, चिनौर गांव के प्रभात, प्रभात का भाई रोहित और उसके पिता गंगा प्रसाद के खिलाफ हत्या की धारा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।


गीता ने पुलिस को बताया कि बड़ा बेटा आकाश और छोटा बेटा प्रकाश रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अटसलिया गांव से वापस घर आ रहे थे। दूसरी ओर से निखिल और आदर्श बाइक से आ रहा था। पटेल रोड पर केंद्रीय विद्यालय की मोड़ के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई। बताया कि बेटे आकश और प्रकाश बाइक से गिर गए। निखिल और आदर्श ने बेटों को गालियां दीं। देख लेने की धमकी दी। इसके बाद बेटे चिनौर तिराहा के पास पहुंचे। तभी निखिल और आदर्श ने साथी प्रभात और विनोद को बुला लिया। चारों ने बेटे को गालियां देना शुरू कर दीं। तब बेटे आकाश ने पिता कैलाश को फोन कर घटना की जानकारी दी। गीता ने बताया कि जब पति मौके पर पहुंचे। तब चारों आग-बबूला हो गए। गाली-गलौज की। मारने की धमकी दी। पति कैलाश ने विरोध किया, तो प्रभात ने अपने पिता गंगा प्रसाद व भाई रोहित को बुला लिया। गंगा प्रसाद के हाथ में रायफल व रोहित के हाथ में दुनाली बंदूक थी। बताया कि प्रभात ने पिता से रायफल छीनी और फायर कर दिया। रोहित ने भी बंदूक से फायर कर दिया। जिस कारण पति कैलाश और बेटे आकाश की गोली लगने से मौत हो गई। वहां पर मौजूद छोटे बेटे प्रकाश ने सारी घटना बताई। ऋवहीं, निखिल राजस्थान के सुब्रतगढ़ में एअरफोर्स में टेक्नीशियन है। प्रभात व आदर्श वालीबॉल में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं। रोहित और उसके पिता गंगा प्रसाद वकील हैं।