मंडी सचिव व राइस मिलर पर दुराचार का मुकदमा


शाहजहांपुर । ओसीएफ कर्मचारी की पत्नी ने तिलहर के राइस मिलर व मंडी सचिव पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुराचार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इसके बाद महिला की ओर से राइस मिलर तथा मंडी सचिव तिलहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। महिला को मेडिकल के लिए भेजा गया।


गुरुवार देर रात तिलहर कोतवाली में शाहजहांपुर ओसीएफ फैक्ट्री में तैनात एक कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ पहुंचा। कोतवाल को महिला ने बताया कि वह शाहजहांपुर में रहती है। इसके साथ ही वह अस्थाई रूप से कानपुर में रहती है। बताया कि 25 मई को वह अपने 12 वर्षीय पुत्र के साथ कानपुर से फर्रुखाबाद आई थी। आरोप है कि इसी दौरान तिलहर के राइस मिलर संतोष गुप्ता एवं तिलहर मंडी सचिव अशोक कुमार दीक्षित उसे तथा उसके पुत्र को अपने साथ कार से गुनगुन राइस मिल में ले आए। महिला ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उसे खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसे चक्कर आने लगे। आरोप लगाया कि इसके बाद राइस मिलर संतोष गुप्ता तथा मंडी सचिव अशोक कुमार दीक्षित ने उसके साथ दुराचार किया।


महिला के साथ हुए गैंगरेप के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। देर रात कोतवाली पहुंचकर सीओ मंगल सिंह रावत ने भी महिला से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस महिला को लेकर मौके की जांच पड़ताल करने गई। महिला पुलिस को लेकर मीरानपुर कटरा क्षेत्र स्थित गुनगुन राइस मिल में लेकर पहुंची। क्षेत्र मीरानपुर कटरा पुलिस का होने के कारण एस‌ओ जांच पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने महिला की ओर से राइस मिलर संतोष गुप्ता एवं मंडी सचिव तिलहर अशोक कुमार दीक्षित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।


पुलिस को कमरे में मिली आपत्तिजनक चीजें


=तिलहर तथा मीरानपुर कटरा पुलिस ने जब महिला के साथ राइस मिल में छापा मारा। छापा पड़ने से राइस मिल के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने महिला से संबंधित राइस मिल के कर्मचारियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। महिला पुलिस को लेकर उस कमरे में गई, जहां उसने दुराचार होने का आरोप लगाया। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया तो उस कमरे में कई आपत्तिजनक चीजें पुलिस को बरामद हुई। एस‌ओ ने बताया कि महिला ने जिस कमरे में दुराचार होने की बात बताई है उस कमरे की पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की है और कई चीजों को जांच के लिए लिया गया है। पुलिस ने आस-पड़ोस के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे की भी जांच पड़ताल की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।


आरोपी राइस मिलर के घर पुलिस ने दी दबिश


महिला के दुराचार का होने के कारण रात में ही पूरे मामले की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर महिला के कई बार वीडियोग्राफी कराकर बयान भी दर्ज हुए। पुलिस ने देर रात आरोपी राइस मिलर संतोष गुप्ता के घर दबिश दी। पुलिस को आरोपी नहीं मिले तो चर्चा है कि पुलिस मिलर के एक परिजन को अपने साथ थाने ले आई। एस‌ओ ने बताया कि जांच पड़ताल के लिए पुलिस ने आरोपी संतोष गुप्ता के घर तिलहर में दबिश दी थी, लेकिन आरोपी नहीं मिला। दबाव बनाने के लिए परिजन को पुलिस अपने साथ लाई थी उसे बाद में छोड़ दिया गया।


मामले को निपटाने में लगा एक नेता


महिला जब देर रात पुलिस के पास पहुंची तो चर्चा है कि इस मामले को निपटाने के लिए एक नेता लग गया। इसके बाद सुबह तक जब नेता की महिला और उसके पति से कोई समझौते की बात नहीं बनी तो पुलिस में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आनन-फानन में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। चर्चा है कि महिला से सुलह समझौता कराने के लिए यह नेता ओसीएफ फैक्ट्री के कर्मचारी से लगातार संपर्क में है और उसे तथा उसकी पत्नी को मनाने में लगा है। फिलहाल पूरे मामले को निपटाने के लिए नेता सहित कानपुर के कई लोग इस मामले में लगे हुए हैं।


मंडी सचिव अशोक कुमार दीक्षित ने बताया कि मैं अभी घर पर हूं, किसी महिला ने मुझ पर दुराचार करने का आरोप लगाया है। मैं इस महिला को नहीं जानता हूं और किसी षड्यंत्र के तहत मुझ पर यह आरोप लगवाए गए हैं। 25 मई को मैं फर्रुखाबाद नहीं गया था। पुलिस की जांच में सब सच्चाई सामने आ जाएगी। इससे पहले भी मंडी में फर्जी गेट पास जारी करने का भी आरोप मुझ पर षड्यंत्र के तहत लगवाया गया था, जो जांच में झूठा पाया गया।


राइस मिलर संतोष गुप्ता ने अपने बयान में बताया कि मेरे ऊपर दुराचार करने का आरोप लगाने वाली महिला को मैं नहीं जानता हूं। महिला किसी साजिश के तहत मुझे फंसाने का प्रयास कर रही है। मंडी के कुछ लोगों के द्वारा ही मुझे दुराचार का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।


थानाध्यक्ष दिलीप कुमार भदौरिया ने बताया कि महिला के आरोपों के आधार पर तिलहर मंडी सचिव अशोक दीक्षित तथा राइस मिलर संतोष गुप्ता के खिलाफ दुराचार करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। महिला को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया है और आरोपियों को जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।