लखनऊ में फिर एक दिन में 11 मामले; संख्या हुई 323

16 द‍िन से शहर में वायरस पर नहीं लगा ब्रेक। राजधानी में अब 323 मामले कोरोना पॉजिटिव।



लखनऊ । शहर में कोरोना का प्रसार जारी है। हर रोज नए केस आ रहे हैं। शनिवार को ग्यारह मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें रेलवे अस्पताल की आया समेत 10 और लोगों में वायरस पाया गया। एक मरीज कानपुर निवासी है।


सीएमओ की टीम ने शुक्रवार को 141 संदिग्ध मरीजों के सैंपल संग्रह किए। इन्हें जांच के लिए केजीएमयू भेजा। लैब टेस्ट में नौ लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिला नोडल ऑफीसर कोविड डॉ. केपी त्रिपाठी के मुताबिक एक रेलवे अस्पताल की आया में वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा आठ प्रवासी मजदूर हैं। यह बीकेटी, निगोहा, मलिहाबाद व आलमबाग के क्वारंटाइन सेंटर में ठहरे थे। वायरस की पुष्टि के बाद सभी को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक युवती मुंबई से लौटी थी। यह गोमतीनगर निवासी है। इसमें भी वायरस की पुष्टि हुई है। साथ ही एक महिला कानपुर के फहीमाबाद निवासी है। ऐसे में कुल 11 वायरस पाया गया। जिसमें से दस राजधानी के निवासी हैं। 


सात महिला, चार पुरुष में संक्रमण


11 मरीजों में सात महिला, पांच पुरुष हैं। इसमें 41 वर्षीय पुरुष, 16 वर्षीय किशोरी, 35 वर्षीय महिला, 27 वर्षीय महिला, 42 वर्षीय महिला रहीमाबाद क्षेत्र के गांव की हैं। इसके अलावा 27 वर्षीय युवक, 24 वर्षीय युवक व 29 वर्षीय व्यक्ति माल, मोहनलालगंज क्षेत्र के हैं। इसके अलावा रेलवे अस्पताल की 54 वर्षीय कर्मचारी है। सभी को क्वारंटाइन सेंटर से अस्पताल के आइसोलेशन शिफ्ट कर दिया गया है। गोमती नगर विस्तार निवासी 34 वर्षीय युवती व कानपुर निवासी 55 वर्षीय महिला में वायरस की पुष्टि हुई है। महिला का इलाज गोमती नगर के एक कॉरपोरेट हॉस्पिटल में चल रहा था।


323 हुई मरीजों की संख्या


शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीज मरीज बढ़कर 323 हो गई है। वहीं 16 दिन से वायरस की चेन पर ब्रेक नहीं लगा है। इससे पहले सात मई को कोरोना के केस शून्य आए थे।  कानपुर निवासी मरीज की संख्या लखनऊ में नहीं जुड़ेगी।


अयोध्या में तीन और मिले कोरोना पॉजिटिव


उधर, जिले में भी कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। अयोध्या में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। सीडीओ प्रथमेश कुमार ने बताय कि एक सोहावल, एक हैरिंग्टनगंज व तीसरा तारुन ब्लाक में कोरोना संक्रमित मिला है। 


हरदोई  में पांच और मिले कोरोना पॉजिटिव 


हरदोई जिले में कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र से अपने साधनों से आये पांच श्रमिक कोरोना पॉजिटिव निकले। सभी संडीला के  क्वॉरटाइन होम में थे। शनिवार सुबह रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। आनन फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुँच गई और सभी को बावन अस्पताल एम्बुलेंस से भिजवाया। यह सभी कुछ दिन।पूर्व संक्रमित निकले भरावन के युवक के साथ ही थे।


सुल्तानपुर में 15 नए कोरोना पॉजिटिव 


जिले में स्वास्थ्य कर्मचारियों समेत 15 लोग कोरोना संक्रमित मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सीबीएन त्रिपाठी ने पुष्टि करते हुए बताया  कि जिले में संक्रमित की संख्या बढ़कर 56 हो गई है।


बलरामपुर में एक मिला पॉजिटिव, 33 केस एक्टिव 


जिले में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज मिला है। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात आई रिपोर्ट में एक पॉजिटिव निकला है। जो सदर ब्लॉक के झौवना प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन सेंटर में था। पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार एल -1 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। जिले में वर्तमान में कोरोना  पॉजिटिव के एक्टिव केसों की संख्या 33 पहुंच गई है।


श्रावस्ती: क्वारंटाइन किए गए प्रवासी की हालत बिगड़ी


श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगदहा में मुंबई से लौटे प्रवासी मजदूर की होम क्वारंटाइन के दौरान अचानक हालत बिगड़ गई। ग्राम प्रधान की सूचना पर मौके पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सुमन ने जांच के लिए सीएचसी मल्हीपुर भेज दिया। 


बरगदहा गांव निवासी हरिश्चंद्र 12 मई को मुंबई से घर आए थे। परीक्षण के बाद उसे होम क्वारंटाइन किया गया था। दो दिन पूर्व अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। इस दौरान खांसी, बुखार, सांस लेने में परेशानी हो रही थी। कोरोना का लक्षण अहसास होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। प्रधान पति संदीप जयसवाल की सूचना पर पीएचसी प्रभारी मौके पर पहुंच गए। जांच की। इसके बाद उसे सैंपल लेने के लिए उसे सीएचसी मल्हीपुर भेज दिया गया।