इंस्टाग्राम पर चैट ग्रुप बनाकर अश्लील बातें करने वाले ब्वॉयज लॉकर रूम का एडमिन गिरफ्तार


नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम सेल ने स्कूली छात्रों द्वारा अपनी नाबालिग लड़कियों से रेप करने जैसी अश्लील चैटिंग के लिए इस्तेमाल किए जा रहे इंस्टाग्राम ग्रुप 'ब्वॉयज लॉकर रूम' (Bois Locker Room) के एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है। 


इस मामले में यह दूसरी बड़ी गिरफ्तारी है। सोशल मीडिया पर अश्लील चैट के स्क्रीनशॉट शेयर करने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मंगलवार को एक 15 वर्षीय लड़के को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।


जांच अधिकारी ने बताया कि इस ग्रुप में कुल 22 सदस्य थे, उनमें से दो बालिग हैं और कॉलेज में पढ़ते हैं, जबकि 20 नाबालिग छात्र दिल्ली-एनसीआर के चार नामी-गिरामी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने मंगलवार को ग्रुप के 10 सदस्यों से फोन पर पूछताछ की थी। साइबर क्राइम सेल ने इस ग्रुप के पहचाने गए सदस्यों के मोबाइल फोनों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।


इंस्टाग्राम से मांगी जानकारी


एक अधिकारी ने बताया कि सबूत जुटाने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए साइबर क्राइम यूनिट ने फेसबुक के स्वामित्व वाले सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से Bois Locker Room ग्रुप और उसके सदस्यों के बारे में जानकारी मांगी है। हमें उनके जवाब का इंतजार है। जांच अधिकारी ने कहा कि अन्य सदस्यों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।


दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक 'ब्वॉयज लॉकर रूम' नाम से कुछ लोगों ने चैट ग्रुप बना रखा था। इसके जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें शेयर की जा रही थीं और उन्हें ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था। दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट शेयर करने के बाद इस चैट ग्रुप के साथ ऐसे ही अन्य ग्रुप के बारे में जानकारी सामने आई और इस मामले पर लोगों की नजर गई।


ऐसे हुए ग्रुप का खुलासा


लड़की ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम 'ब्वॉयज लॉकर रूम' है, जहां कम उम्र की लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।' लड़की ने ग्रुप में शामिल लड़कों की लिस्ट और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी शेयर किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें शेयर करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। इस ग्रुप में वे गैंगरेप करने की योजना बनाते भी देखे जा रहे हैं।


पुलिस अधिकारी ने कहा कि ग्रुप के लड़कों में से एक के स्क्रीनशॉट लेने और उसे किसी और को देने के बाद बातचीत का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस संबंध में आईटी एक्ट और आईपीसी की धाराओं और अश्लील सामग्री के वितरण से निपटने और महिलाओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का केस दर्ज किया है।