गृहमंत्री अमित शाह ने लॉकडाउन पर की मुख्यमंत्रियों से बात


नई दिल्ली। कोरोना लॉकडाउन 4.0 की अवधि 31 मई को खत्म हो रही है। ऐसे में अब सबके मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या लॉकडाउन को और आगे बढ़ाया जाएगा या पूरी तरह से छूट दे दी जाएगी। अगर लॉकडाउन को बढ़ाया जाता है तो फिर लॉकडाउन 5 में किस तरह की रियायतें दी जाएंगी। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कोरोना लॉकडाउन पर राज्य के मुख्यमंत्रियों के साथ गुरूवार को बातचीत की और उन सभी की राय जानी है।


लॉकडाउन के चौथे चरण की समाप्ति से सिर्फ तीन दिन पहले गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों से टेलीफोन पर बातचीत की। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन सबसे पहले 25 मार्च को लगाया था और इसके बाद इसे तीन बार बढ़ाया जा चुका है। 


गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ''गृह मंत्री ने सभी मुख्यमंत्रियों से बातचीत की और लॉकडाउन को 31 मई के बाद बढ़ाए जाने पर उनके विचार जाने।'' इधर, 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम भी है। ऐसा माना जा रहा है कि इस दौरान वे कई अहम बातों का ऐलान कर सकते हैं।


देशभर से आज आए 6,566 नए कोरोना संक्रमण के मरीज


वहीं देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6566 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 158333 हो गई है। स्वास्थ्य मंंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटे में 3266 लोग रिकवर हुए हैं। इस तरह इस बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या 67692 हो गई है। इस दौरान 194 लोगों की मौत भी हुई है। अब इस महामारी की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 4337 हो गई है। देश में अब कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 86110 हो गई है। सबसे अधिक कोरोना केस महाराष्ट्र (56948) में हैं। इसके अलावा तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात जैसे राज्यों में सबसे अधिक कोरोना मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि एक तरफ रिकवरी रेट वृद्धि हो रही है तो मृत्यु दर में गिरावट आ रही है।


राजधानी दिल्ली में एक दिन में रिकॉर्ड 1024 नए मामले


दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अबतक की सबसे बड़ी उछाल देखने को मिली है। बीते 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड 1024 कोविड-19 संक्रमित मरीज पाए गए हैं। यह एक दिन में मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16 हजार के पार कर गई है और वर्तमान में यहां 16281 मरीज हैं।


गुरुवार रात को जारी हुई दिल्ली सरकार की हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, बीते 24 घंटे में इस महामारी की चपेट में आकर 13 लोगों की जान गई है। राजधानी में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर अब 316 हो गई है। वहीं अभी तक 7495 लोग इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं। वर्तमान में दिल्ली में कोरोना के 8470 एक्टिव पेशेंट हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।