डैम पर नहाने जा रहे युवक को गोली मारी


शाहजहांपुर । चौक कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर गर्रा नदी के डैम के पास घटना हो गई। डैम पर नहाने जा रहे युवक को किसी ने गोली मार दी। जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। गोली से घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बंडा के पसियापुर गांव निवासी सुरजीत की उम्र तकरीबन 19 साल है। वह होली पर अपनी बहन-बहनोई रवि के घर चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज आया था। लाकडाउन के चलते यहीं रूक गया था। बताया जा रहा है कि सुरजीत शुक्रवार की दोपहर करीब ढाई बजे डैम पर नहाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान किसी ने पीछे से उसके गोली मार दी। गोली उसकी कमर के नीचे लगी। उसने परिवार वालों को जानकारी दी। परिवार के लोग गोली से घायल सुरजीत को राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डाक्टरों ने सुरजीत का उपचार किया और वार्ड में शिफ्ट कर दिया। सुरजीत ने बताया कि किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। किसी ने पीछे से गोली मार दी। उसे देखा नहीं है। इंस्पेक्टर प्रवेश सिंह ने बताया घटना संज्ञान में हैं। थाने पर कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।