भैंस चराने गए युवक की खन्नौत नदी में डूबकर मौत


शाहजहांपुर । खन्नौत नदी किनारे भैंस चरा रहे युवक का पैर फिसल गया, जिस कारण युवक नदी में गिर गया। इसके बाद नदी में गिरे युवक की ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद नदी से युवक की लाश मिली। उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सिंधौली ब्लॉक के जसबंतपुर नौगवां गांव निवासी सेठपाल सिंह की उम्र तकरीबन 22 साल थी। गुरुवार की दोपहर सेठपाल सिंह खन्नौत नदी के किनारे भैंसों को चरा रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह नदी में गिर गया। सेठपाल सिंह नदी में डूबने लगा। तभी वहां पर मौजूद लोगों ने आवाज लगाई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लगी। तब तक सेठपाल सिंह डूब गया। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में घुसकर उसकी तलाश शुरू की। जानकारी होने पर उसके परिवार के लोग भी आ गए। ग्रामीणों ने उन्हें धैर्य रखने के लिए कहा। देर शाम घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर घांस में फंसी सेठपाल की लाश मिली। ग्रामीणों ने लाश को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरा और शव को पीएम भेजा। परिजनों ने बताया कि सेठपाल तीन भाइयों में छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। तीन बहने हैं। तीनों की शादी हो चुकी है।