20 मई को कोरोना मरीजों की संख्या में सबसे बड़ा उछाल, 24 घंटे में दुनिया में 1 लाख 6 हजार लोग संक्रमित: WHO


जिनेवा : एक तरफ अधिकतर देश लॉकडाउन से छूट की घोषणा कर रहे हैं तो दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण की रफ्तार भी तेज हो गई है। 20 मई को दुनिया में कोरोना मरीजों की संख्या में रेकॉर्ड उछाल दर्ज किया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि इस दिन दुनिया में 1 लाख 6 हजार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। यह 24 घंटे में संक्रमितों की सर्वाधिक संख्या है। 
 
डब्ल्यूएचओ के मुखिया ट्रेडोस अधनोम घेब्रेयेसस ने कहा कि 20 मई को दुनिया में 1 लाख 6 हजार कोरोना पॉजिटिव केस पाए जाने की सूचना डब्ल्यूएचओ को प्राप्त हुई है। दिसंबर में संक्रमण की शुरुात के बाद से यह एक दिन का सर्वाधिक आंकड़ा है। इस माहामारी पर हमें अभी एक लंबा रास्ता तय करना है।''


यह संख्या ऐसे समय में सामने आई है जब दुनियाभर में टेस्ट काफी बढ़ा दिए गए हैं और कई देश प्रतिबंधों में ढील भी दे रहे हैं। अधिकतर देशों में करीब दो महीने से लॉकडाउन था, लेकिन अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर को देखते हुए सोशल डिस्टेंशिंग के नियमों को लागू करते हुए ढील दी जा रही है। 


पांच महीने में इस वायरस से अब तक 50 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 325,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 20 लाख लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। 


सबसे अधिक 15 लाख 91 हजार लोग अमेरिका में  संक्रमित हुए हैं। यहां करीब 94 हजार लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि 3 लाख 70 हजार लोग ठीक हुए हैं। भारत में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 12 हजार हो चुकी है। 3435 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 45300 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।