पूर्व जिपं अध्यक्ष, ईओ समेत 110 कोरोना पॉजिटिव


शाहजहांपुर : पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व जलालाबाद के ईओ समेत 110 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी संक्रमितों को क्वारंटाइन करवा दिया गया है।


बुधवार को भाजपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव के पिता ने कोरोना की जांच कराई थी। देर रात वीरेंद्र पाल सिंह यादव की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि अध्यक्ष की रिपोर्ट निगेटिव। आवास को सैनिटाइज कराने के बाद वीरेंद्र पाल सिंह होम क्वारंटाइन हो गए हैं। परिवार के अन्य सदस्यों की जांच करवाई गई। वहीं, सदर क्षेत्र के लाला तेली बजरिया में दो, रोडवेज बस स्टैंड के पास दो, अजीजगंज स्थित एक अस्पताल में चार, ब्रजबिहार कालोनी में एक, चमकनी में छह, कलान में 16 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।


काफी लोगों के संपर्क में आए थे पूर्व अध्यक्ष


बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर जिले में आयोजित कार्यक्रमों में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी हिस्सा लिया था। ऐसे में उनके संपर्क में काफी लोगों के आने की संभावना है।


चौबीस घंटे के लिए बंद की गई नगरपालिका


संस, जलालाबाद : सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर 50 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। जिसमें नगर पालिका ईओ की रिपोर्ट पॉजिटिव व 49 की निगेटिव आई है। वहीं, 118 लोगों के सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं।


संपर्क में आने वाले भी पॉजिटिव


कलान : पूर्व ब्लॉक प्रमुख समेत बुधवार को परिवार के आठ सदस्य पॉजिटिव निकले थे। गुरुवार को उनके यहां काम करने वाले लोगों की जांच कराई गई तो उनमे तीन पॉजिटिव निकले। नगर में 13 अन्य लोग भी संक्रमित निकले। नगर में अब कोरोना पॉजिटिव की संख्या 32 पहुंच गई है। थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया अगर कोई पॉजिटिव घर से बाहर घूमता मिला तो उसे क्वारंटाइन सेंटर भिजवाया जाएगा।