दुनिया के सबसे महंगे मास्क में सोने और हीरे का हो रहा इस्तेमाल


नई दिल्ली । कोरोना वायरस के दौर में लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन गए हैं नाक और मुंह को ढकने वाले मास्क। क्या आप सोच सकते हैं कि किस-किस तरह के मास्क बनाए जा सकते हैं या किस-किस तरह के मास्क इन दिनों बाजार में उपलब्ध हैं। रोजाना नई-नई रेंज के मास्क बाजार में आ रहे हैं। 


अब से पहले तक 10 रूपये की कीमत से शुरू होकर चंद हजार रूपये तक की कीमत के ही मास्क बाजार में मिल रहे थे। कुछ दिनों पहले मुंबई में एक व्यक्ति को सोने का मास्क पहने हुए देखा गया था, उस समय इसे ही सबसे कीमती मास्क बताया जा रहा था मगर उससे एक कदम आगे बढ़ते हुए एक इजरायली जूलरी कंपनी ने सोने और हीरे का इस्तेमाल करते हुए मास्क बनाया है। इस मास्क की कीमत 1.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 11 करोड़ रुपये बताई जा रही है। 


कोरोना काल में बढ़ी मास्क की उपयोगिता 


कोरोना काल में सबसे ज्यादा किसी चीज की उपयोगिता बढ़ी है तो वो मास्क है। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें और पुलिस भी लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की अपील कर रही है। अब तो कुछ राज्य मास्क न पहनने वालों पर जुर्माना भी लगा रहे हैं। कुछ राज्य ऐसे लोगों से जुर्माना वसूल भी रहे हैं। जुर्माना वसूले जाने के पीछे की एक बड़ी वजह ये है कि लोग इसको अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर लें मगर उसके बाद भी कई लोग मान नहीं रहे हैं।


10 रुपये से लेकर चंद हजार रुपये तक के मास्क उपलब्ध 


कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ने के बाद से 10 रुपये की कीमत से लेकर हजारों रुपये की कीमत तक के मास्क बाजार में उपलब्ध हैं। मगर जैसे-जैसे समय बीत रहा है लोग अपने को अलग दिखाने के लिए मास्क में भी स्टाइल दिखा रहे हैं। कपड़े के मास्कों की तो भरमार हो गई है। लड़कियां खासकर मैचिंग के मास्क की मांग कर रही है। इस वजह से कई बड़ी कंपनियां तो अब सिर्फ मास्क बनाने में ही लग गई है। जिससे वो बाजार पर कब्जा कर सकें। 


लाखों नहीं करोड़ों की कीमत के मास्क 


अब बात करते हैं दुनिया के सबसे महंगे मास्क की। दुनिया के सबसे महंगे मास्क की कीमत हजारों-लाखों में नहीं बल्कि करोड़ों में है। हम जिस मास्क की बात कर रहे हैं उसकी कीमत पूरे 11 करोड़ रुपये है।


एक इजरायली जूलरी कंपनी यवेल इस मास्क को बनाने पर काम कर रही है। कंपनी के मालिक और डिजायनर आइजैक लेवी ने कहा कि 18 कैरेट सफेद सोने के मास्क को 3,600 सफेद और काले हीरे से सजाया जाएगा। यह दुनिया का सबसे महंगा कोरोना वायरस मास्क होगा। इसी के साथ खरीदार के अनुरोध पर टॉप रेटेड एन 99 फिल्टर लगाया जाएगा।


उन्होंने बताया कि मास्क के खरीदार ने दो अन्य मांगें रखीं थीं। पहली ये कि यह साल के अंत तक पूरा हो जाए और दूसरी कि यह दुनिया का सबसे महंगा मास्क बने। उन्होंने कहा कि पहली और दूसरी दोनों शर्तों को ध्यान में रखकर काम करना शुरू किया गया, जल्द ही ये दोनों चीजें पूरी हो जाएंगी।