आवारा पशु से टकराई बाइक साले-बहनोई की मौत


बंडा (शाहजहांपुर)। बंडा इलाके में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। बाइक से घर लौटते समय रास्ते में साले- बहनोई की बाइक एक आवारा पशु से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक ने जिला अस्पताल और दूसरे ने बरेली ले जाते समय दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलने पर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।


ग्राम रामपुर हीरा निवासी रघुवीर की ससुराल बंडा इलाके के गांव पड़रिया दलेलपुर में है। पिछले कुछ दिनों से रघुवीर के घर उनका साला अशोक कुमार (26) रह रहा था। वहां वह ठेके पर धान की रोपाई करता था। रघुवीर का छोटा भाई अजय कुमार (22) और अशोक कुमार रविवार शाम बाइक पर बंडा कपड़े खरीदने गए थे। वहां से रात करीब नौ बजे दोनों घर रामपुर हीरा लौट रहे थे। रास्ते में पुवायां-बंडा रोड पर भैंसी नदी पुल के पास अचानक एक आवारा पशु सड़क पर आ गया, जिससे बाइक टकराने पर अजय और अशोक गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद उधर से गुजर रहे लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर बंडा थाने के एसएसआई संतोष सिंह मौके पर जा पहुंचे और घायलों को सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। वहां हालत नाजुक देखकर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाने पर अजय को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि डॉक्टर ने अशोक को बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली ले जाते समय रास्ते में अशोक ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन दोनों के शव घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।
अजय और अशोक घर से कपड़े खरीदने की बात कहकर घर से निकले थे। दोनों के ही परिवार गरीब है। मेहनत, मजदूरी से गुजर बसर होती है। गांव पड़रिया दलेलपुर निवासी अशोक कुमार पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। अभी तक किसी भाई की शादी नहीं हुई है। अशोक के पिता गेंदनलाल के पास चार बीघा जमीन है। इसी जमीन पर परिवार के लोग खेती करते थे और मेहनत मजदूरी कर परिवार की गुजर करते थे। अशोक ने अपने बहनोई रघुवीर के साथ उनके ही गांव में धान की रोपाई का ठेका ले रखा था और एक महीने से बहनोई के पास ही रहता था।
रघुवीर का भाई अजय 25 जुलाई को हरियाणा से घर लौटा था। 26 जुलाई की शाम अजय और अशोक कपड़ा खरीदने बंडा आए थे और वापस घर जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो जाने से दोनों की जान चली गई। अशोक की मौत से मां भगवत्ता देवी, भाई छोटे, भूपराम, गुड्डू, अवधेश का रो रोकर बुरा हाल है। उधर, रामपुर हीरा निवासी अजय कुमार अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अजय की मां ओमवती, भाई ओमकार और रघुवीर का रो रोकर बुरा हाल है।