ठंडाई से कैसे बनाएं आइसक्रीम, जानें इसकी आसान रेसिपी


गर्मियों में ठंडाई और आइसक्रीम का मजा अलग ही होता है। अगर हम आपसे यह कहें कि आप ठंडाई और आइसक्रीम का मजा एक ही डिश में ले सकते हैं, तो आप सोचेंगे कि भला यह कैसे मुमकिन हो सकता है। ऐसे में हम आपको बताने जा रहे हैं ठंडाई से आइसक्रीम कैसे बनाई जा सकती है यानी ठंडाई आइसक्रीम- 



ठंडाई मसाला की सामग्री : 
1/2 कप काजू
6 पिस्ता
1/4 कप बादाम
थोड़ी-सी काली मिर्च
7 इलायची
2 बडे़ चम्मच खरबूज के बीज
2 बड़े चम्मच सौंफ
2 बडे़ चम्मच गुलाब की सूखी पंखुड़ियां
1 बड़ा चम्मच पोस्ता बीज
10-12 रेशा केसर


ठंडाई मसाला विधि :
ठंडाई मसाला खरीदकर लाने की जगह इसे खुद तैयार करें। सभी चीजों को एक चिकने पाउडर के रूप में पीस लें और अब यह ठंडाई वाली आइसक्रीम बनाने के लिए तैयार है।  


सामग्री : 
400 ग्राम हैवी क्रीम
200 ग्राम गाढ़ा दूध
1/2 कप सामान्य दूध
दो बडे़ चम्मच ठंडाई मसाला
दो बड़े चम्मच कटा पिस्ता


विधि : 
एक पैन में आधी क्रीम, दूध और 2 बड़े चम्मच ठंडाई मसाला डालें। अब इसे धीमी-आंच पर 5-7 मिनट के लिए उबालें। फिर उतारकर ठंडा करने के लिए अलग रख दें। जब मिश्रण छूने लायक हो जाए, तो उसमें बची क्रीम और गाढ़ा दूध डाल दें। अब मथनी या हैंड ब्लेंडर से मिश्रण को पांच मिनट तक मथें। ऐसा करने पर यह हल्का और क्रीमी हो जाएगा। अब बाकी पिस्ता और गुलाब की पंखुड़ियां उसमें डाल दें। 
इस मिश्रण को फ्रीजर प्रूफ कंटेनर में डाल दें। इसे रात भर के लिए फ्रीजर में रखें। ऊपर से पिस्ता डालकर सर्व करें।