गुरुवार को 238 नमूने लिए गए थे। इसमें से 200 नमूने आलमबाग के व बाकी कैसरबाग और सदर से लिए गए थे।
लखनऊ। राजधानी में प्रवासी मजदूरों का शहर आना जारी है। ऐसे में सभी को क्वारंटान कर जांंच की जा रही है। सीएमओ की टीम ने क्वारनटाइन सेंटर से सैंपल जांच के लिए भेजे। शनिवार सुबह आई रिपोर्ट में सात श्रमिक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें तीन काकोरी, दो बीकेटी, एक निगोहा, एक नगराम निवासी है। वहीं शुक्रवार देर रात कैसरबाग सब्जी मंडी में चार नए केस मिले हैं। वहीं एक मरीज मुफ्तीगंज में क्लार्क टावर के नजदीक रहता है। 11 मई को मुंबई से लौटा था। यह ठाकुरगंज के पास रह रहा था। जांच कराने पर इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुरुवार को 238 नमूने लिए गए थे। इसमें से 200 नमूने आलमबाग के व बाकी कैसरबाग और सदर से लिए गए थे।
हरदोई में एक महिला समेत सात और मिले कोरोना पॉजिटिव
हरदोई: हरदोई में फूटा कोरोना बम, एक महिला समेत सात मिले कोरोना पॉजिटिव। सभी गैर प्रांतों से आए श्रमिक हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हरदोई के भरखनी विकास खंड के तीन, शाहाबाद के तीन और संडीला क्षेत्र का एक कुल सात कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनको मिलाकर जिले में अब तक कुल संख्या 13 हो जाएगी।
लखनऊ में अब कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 298 हो गई है। 11 मई को मुंबई से लौटा व्यक्ति को परिवारजनों ने दुबग्गा स्थित अपने प्लाट पर क्वारंटाइन करवा दिया था। दो दिन पहले जब उसे बुखार आया तो निजी पैथोलॉजी में जांच कराई गई। इसके बाद रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। यह युवक मुंबई से कैसे आया इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि पूछताछ के दौरान उसने स्वास्थ्य विभाग को कुछ दूर पैदल आने और कुछ दूर ट्रक से आने की बात स्वीकार की है। युवक के परिवार के आठ लोगों को भी क्वारंटाइन करा दिया गया है। इनके नमूने भी जांच को भेजे जाएंगे।
कैसरबाग व सदर में स्वास्थ्य विभाग तेज की जांच
अब कैसर बाग व सदर में स्वास्थ्य विभाग ने सर्चिंग और तेज कर दी है। शुक्रवार को अकेले कैसरबाग से 150 नमूने लिए गए। वहीं सदर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में नमूने लेने का सिलसिला फिर शुरू किया गया है। संक्रमितों के आसपास रहने वाले व संपर्क में आए संदिग्धों के नमूने संग्रहीत किए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों तक सदर में संक्रमित नहीं मिलने पर पहले इस क्षेत्र को ऑरेंज जोन में रखने पर विचार किया जा रहा था। मगर फिर से केस आने के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग तेज कर दी है। वहीं अलीगढ़ से लौटे परिवार के संपर्क में आए लोगों को भी विभाग ट्रैस कर रहा है।
राजधानी से मिली नौ मरीजों को छुट्टी
कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद शुक्रवार को लोकबंधु अस्पताल से नौ मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इनमें से पांच मरीज कैसरबाग व सब्जीमंडी के हैं। जबकि तीन मरीज तोपखाना और 20 वर्षीय एक युवती कानपुर नगर की निवासी है। कैसरबाग व सब्जीमंडी के डिस्चार्ज होने वाले पांच मरीजों में आठ वर्षीय एक बच्चा व 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी शामिल है। वहीं तोपखाना में एक 37 वर्षीय पुरुष, एक तीस वर्षीय महिला व एक 20 वर्षीय युवती की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को प्रशासन व पुलिस के साथ मिलकर 258 घरों का भ्रमण किया। सर्विलांस व कांटैक्ट ट्रैसिंग के आधार पर इस दौरान कुल 205 नमूने लेकर जांच को भेजे गए। इनमें से 150 नमूने कैसरबाग क्षेत्र से लिए गए हैं। तीन सदस्यीय 12 टीमों ने भानपुर व भगवंत खेड़ा इलाके में संक्रमण मुक्ति अभियान चलाया। कैसरबाग में संक्रमण की चेन तोड़ने को 38 क्वारंटाइन स्वास्थ्य विभाग ने कैसरबाग में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए शुक्रवार को संक्रमितों के रिश्तेदारों समेत 38 लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया है। इन लोगों को कहीं बाहर आने -जाने की इजाजत नहीं है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है। ताकि अगर यह लोग संक्रमित हो चुके हों तो इनके जरिये दूसरे लोगों में संक्रमण नहीं फैलने पाए। साथ ही उनमें भी लक्षण आने पर जांच कराई जा सके। अभी तक सिर्फ मरीज के परिवारजनों व उसके संपर्क में आए लोगों को ही क्वारंटाइन किया जा रहा था। अब आसपास रह रहे रिश्तेदारों को भी क्वारंटाइन कर दिया गया है। क्योंकि कई बार कुछ मरीज रिश्तेदारों के यहां जाने की बात को छुपाते भी हैं।