लखनऊ में 13 हजार लोगों की इंफ्रारेड थर्मल से की गई स्क्रीनिंग गुरुवार को नए केस पर रहा ब्रेक।
लखनऊ । राजधानी का मछलीमोहाल कोरोना का नया अड्डा बन गया है। ऐसे में गुरुवार को इलाका सील कर दिया गया है। साथ ही घर-घर जुकाम, बुखार के मरीजों की खोज शुरू कर दी गई है। इस दौरान 13 हजार से अधिक लोगों की इंफ्रारेड थर्मल मशीन से स्क्रीनिंग की गई। मछली माेहाल के एक व्यक्ति के घर में सात कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें मकान मालिक व किराए दार हैं। इन संक्रमित मरीजों से आस-पास के कई लोग संपर्क में आए हैं। लिहाजा, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम व पुलिस की टीम गुरुवार को इलाके का भ्रमण किया। घनी आबादी से संक्रमण के भयावह होने का खतरा है। लिहाजा, पूरा इलाका सील कर दिया गया है। साथ ही यहां सदर की तर्ज पर वायरस से निपटने का फैसला किया है।
इलाका सील का एक्जिट, इंट्री तक तय कर दी गई है। जिला संचारी रोग अधिकारी डॉ. केपी त्रिपाठी के मुताबिक कैसरबाग व मछली मोहाल में अब तक 14 से ज्यादा लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। संक्रमण पर काबू पाने के लिए अभियान छेड़ दिया है। गुरुवार को 3101 घरों में 13,812 लोगों की जांच की गई। इनके स्वास्थ्य का पूरा ब्योरा जुटाया गया है।
दो मरीज डिस्चार्ज, नया केस नहीं
राजधानी में गुरुवार को कोई नया केस नहीं मिला। ऐसे में मरीजों की संख्या 253 ही रही है। इसमें लखनऊ के 170 मरीज हैं। शेष मरीज विभिन्न जनपदों के हैं। वहीं निजी अस्पताल में भर्ती दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इस कॉलेज में 47 मरीज भर्ती किए गए थे, सभी की छुट्टी हो गई है। ऐसे में अब तक साढ़ामऊ अस्पताल से 59, केजीएमयू से 14, निजी कॉलेज से 87, लोहिया संस्थान से 10, पीजीआइ से दो, कमांड से दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है।