लखनऊ । वैश्विक महामारी काेरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। श्रावस्ती में गुरुवार को आई रिपोर्ट में इकौना थाना क्षेत्र के दो और युवक संक्रमित पाए गए हैं। चार दिन पहले ही मुंबई से लौटे थे और प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन थे। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इनमें से तीन व्यक्ति स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, जबकि एक की लखनऊ में मौत हो चुकी है। वहीं लखनऊ में गुरुवार को शहर में पांच नए मरीज मिले हैं। राजधानी में अब तक कुल मरीज 286 हो गए हैं। कल स्वास्थ्य विभाग ने 272 के नमूने जांच को भेजे थे। वहीं सिविल अस्पताल में कोरोना संक्रमण का पहला केस सामने आया है।
बुधवार को कुल 15 संक्रमित मिले थे। इसमें सदर की 22 वर्षीय एक युवती की रिपोर्ट बुधवार की रात पॉजिटिव आने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों समेत 15 से अधिक स्टाफ को क्वारंटाइन किया जाएगा। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि युवती सोमवार को इमरजेंसी में आई थी। उसे हड्डी में दर्द व दूसरी समस्याओं के चलते भर्ती किया गया था। जिस वार्ड में युवती भर्ती थी, उसके साथ के अन्य सभी मरीजों को भी क्वारंटाइन किया जाएगा। सभी की लिस्ट तैयार की जा रही है। वार्ड को सील कर सैनिटाइज कराया जाएगा। युवती के संपर्क में आए डॉक्टरों, मरीजों व अन्य की लिस्ट तैयार की जा रही है। इसके बाद सभी को क्वारंटाइन किया जाएगा।
बुधवार को राजधानी में मिले कुल नए 15 पॉजिटिव कोरोना मरीजों में 13 संक्रमित सिर्फ कैसरबाग सब्जीमंडी के हैं। इससे पहले 24 अप्रैल को यहां 19 मरीज पाए गए थे। तब से स्वास्थ्य विभाग लगातार इस क्षेत्र से संदिग्धों के नमूने ले रहा है। इस दौरान कभी एक, कभी दो तो कभी चार कोरोना संक्रमित इस क्षेत्र में मिल रहे थे, लेकिन बुधवार को एक साथ 13 नए मरीज इसी क्षेत्र में मिलने से हड़कंप है। इस रिपोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के सामने भी कड़ी चुनौती पेश कर दी है। बुधवार को मिले 15 नए मरीजों में एक संक्रमित मुंबई से लौटा मजदूर तथा दूसरा मरीज सिविल अस्पताल में भर्ती एक युवती है। यह राजधानी का पहला मजदूर है, जो कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
दो मरीजों को छुट्टी
राजधानी से बुधवार को दो और कोरोना संक्रमित मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद लोकबंधु अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इनमें से एक मरीज कैंट थाना क्षेत्र का व दूसरा मरीज कैसरबाग निवासी है। निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि बुधवार को दो मरीजों को छुट्टी दी गई। जबकि सात पॉजिटिव भर्ती किए गए। अब राजधानी में स्वस्थ होने वालों की संख्या कुल 231 हो गई है।