शुक्रवार को सात नए कोरोना पॉजिटिव। पांच नक्खास शेष दो खदरा व लालबाग इलाकों से संक्रमित मरीज। अब संक्रमित मरीजों की संख्या 229 ।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ कोरोना के भंवर में दिखाई दे रहा है। एक के बाद एक पॉजिटिव मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को सात नए मामले कोरोना के आए । इसमें पांच नक्खास, शेष दो खदरा व लालबाग इलाकों से हैं। जिसमें 45 वर्षीय व 40 वर्षीय दो महिलाएं और 20 वर्षीय दो युवतियों के साथ 40 वर्षीय, 38 वर्षीय, 25 वर्षीय तीन पुरुष शामिल हैं। राजधानी में अब कुल मरीजों की संख्या 229 हो गई है। वहीं लखनऊ में कुल 147 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अब तक दो की मौत और 88 लोग ठीक हो चुके हैं।
बता दें, बीते गुरुवार को डॉक्टर दंपती की मां और नगर निगम में तैनात सफाई कर्मचारी की पत्नी समेत तीन महिलाओं में कोरोना में पुष्टि हुई। वहीं, अस्पताल के स्टाफ को भी क्वारंटाइन कर दिया गया है।
नक्खास लाल घेरो में, अब तक मिले 12 पॉजिटिव केस
गौरतलब हो कि 26 अप्रैल से लगातार नक्खास लाल घेरे में बना हुआ है। अब तक इस इलाके से 12 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। सबसे पहले 26 अप्रैल यानी रविवार के दिन केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर के आइसीयू वार्ड में कार्यरत नक्खास निवासी नर्स कोरोना से संक्रमित पाई गई। उसके बाद नर्स के घर के चार लोग पॉजिटिव मिले। नर्स के घर के तीन सौ मीटर के धायरे को सील कर दिया गया। इसी बीच नर्स के दो पड़ोसी जांच में कोरोना की गिरफ्त में पाए गए। इसी के साथ शुक्रवार (आज) को इलाके के पांच और लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई।
डॉक्टर की मां-सफाईकर्मी की पत्नी समेत तीन महिलाओं को कोरोना
गौरतलब हो कि गुरुवार को डॉक्टर दंपती की मां और नगर निगम में तैनात सफाई कर्मचारी की पत्नी समेत तीन महिलाओं में कोरोना में पुष्टि हुई। इसमें लालबाग के निशात अस्पताल में कार्यरत मॉडल हाउस निवासी डॉक्टर दंपती की 90 वर्षीय मां को चार दिन से बुखार-जुकाम था। बुधवार को उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। डॉक्टर पुत्र के मुताबिक, बुधवार सुबह छह बजे निशात अस्पताल के आइसीयू में उन्हें ले जाया गया। यहां से उन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। कोविड-19 के संदिग्ध लक्षण होने पर निजी पैथोलॉजी में जांच के लिए सैंपल भेजा गया। रात साढ़े ग्यारह बजे रिपोर्ट आई। इसके बाद सीएमओ कार्यालय सूचना दी गई। वहीं, गुरुवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे मरीज को पीजीआइ शिफ्ट किया गया। मॉडल हाउस निवासी मरीज के पुत्र फिजीशियन हैं। वहीं, बहू स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। इसके अलावा घर में 11 सदस्य हैं। इसके अलावा फूलबाग निवासी 28 वर्षीय महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। महिला का पति नगर निगम में सफाईकर्मी है। इस मरीज को लोकबंधु में शिफ्ट किया गया है। वहीं पीजीआइ क्षेत्र की सेनानी विहार निवासी महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। तीनों मरीजों की जांच निजी पैथोलॉजी में हुई है। रात साढ़े ग्यारह बजे रिपोर्ट आई। इस दौरान सभी सदस्यों की नींद उड़ गई। आनन-फानन खुद को सभी ने एक-एक कमरे में क्वारंटाइन कर लिया। वहीं, सीएमओ की टीम गुरुवार सुबह 10 बजे के बाद घर पहुंची।
आरएसएम और केजीएमयू से कोरोना के 15 और मरीज डिस्चार्ज
राजधानी में बीकेटी स्थित रामसागर मिश्र (आरएसएम) अस्पताल और केजीएमयू से गुरुवार को कोरोना संक्रमण से ठीक हुए 15 और मरीजों को छुट्टी दे दी गई। इसमें आरएसएम से 12 मरीज और केजीएमयू से तीन मरीज शामिल हैं। आरएसएम अस्पताल के डॉ. रोहित सिंह ने बताया कि गुरुवार को डिस्चार्ज हुए 12 मरीजों में से नौ मरीज सदर के और तीन मरीज अमीनाबाद के हैं। वहीं केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि डिस्चार्ज हुए तीन मरीजों में दो लखनऊ के व एक विशनगढ़ बाधूपुर से है। अब तक केजीएमयू से कुल 14 मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है। अभी चार मरीज आइसोलेशन में भर्ती हैं। इस तरह अब तक 88 लोग कोरोना के प्रकोप से बाहर आ चुके हैं।
देहरादून से लौटी थी महिला
पीजीआइ क्षेत्र के सेनानी विहार निवासी महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। महिला हाल ही में देहरादून से लौटी थी। तीन दिन पहले निजी लैब से जांच कराई। इसमें कोरोना की पुष्टि हुई। सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल ने इस महिला में भी कोरोना की पुष्टि की है।
संक्रमित मिली दूसरी महिला के यहां से आठ लोगों के लिए सैंपल
फूलबाग निवासी संक्रमित महिला के घर के आठ सदस्यों के सैंपल लिए गए हैं। सभी का सैंपल जांच के लिए केजीएमयू भेजा गया है।
निशात अस्पताल के 13 कर्मचारी क्वारंटाइन
निशात अस्पताल के निदेशक डॉ. तौसीफ के मुताबिक, अस्पताल को सैनिटाइज कराया गया है। 35 बेड के अस्पताल में सिर्फ एक मरीज भर्ती था। इसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। वह पूरी तरह ठीक था, संक्रमित मरीज के संपर्क में भी नहीं आया था। वहीं, रात में करीब 13 के करीब मौजूद स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया। अस्पताल में मरीजों की भर्ती बंद कर दी गई है।
लाटूश रोड : कुछ इलाका होगा सील
लाटूश रोड निवासी बुजुर्ग महिला के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में फोर्स तैनात कर दी है। नगर निगम को लाटूश रोड पर बैरिकडिंग के लिए कहा गया है। संक्रमित महिला के घर के पास के कुछ इलाके को सील करने की तैयारी की जा रही है।
इनमें कहां से आया कोरोना, पता नहीं
- 23 अप्रैल: बिरहाना निवासी केबल ऑपरेटर में कोरोना की पुष्टि हुई। पूरा परिवार संक्रमण की चपेट में आ गया। कई दिन बीतने के बाद भी सोर्स का पता नहीं।
- 26 अप्रैल : ट्रॉमा सेंटर के आइसीयू की नर्स में कोरोना की पुष्टि हुई है। परिवार के पांच लोगों में भी वायरस पाया गया। सोर्स अब तक पता नहीं चला।
- 28 अप्रैल : लालबाग के सब्जी विक्रेता में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके घर के कई सदस्य भी ठेला लगाते हैं। इसके सोर्स का भी अब तक पता नहीं चला।