कोरोना संकट के बीच मुख्यमंत्री योगी ने लांच किया आयुष मोबाइल एप


लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को 'आयुष कवच-कोविड' एप लान्च किया। इस एप में आयुर्वेद में मौजूद जड़ी-बूटियों और चिकित्सा पद्धति की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में दुनिया भारत की ओर आशा से देख रही है। आयुर्वेद और भारत की प्राचीन परम्पराओं में इस प्रकार के किसी भी वायरस से लड़ने के लिए शरीर की प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने से जुड़े अनेक तथ्य उपलब्ध हैं। आयुर्वेद चिकित्सा की ऐसी प्रणाली है, जिसमें बीमारियों से लड़ने के लिए शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने पर बल दिया जाता है। 


सीएम ने अपने आवास पर इस मोबाइल एप को शुरू करते हुए कहा कि इसमें सरल भाषा में जानकारी उपलब्ध कराई गई है। जनता के उपयोग के लिए इस प्रकार के एक एप की आवश्यकता काफी दिनों से महसूस की जा रही थी।  इस एप के लान्च होने पर अब लोगों को योग और आयुर्वेद के माध्यम से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के नुस्खों की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।


लोग इसके उपयोग से लाभान्वित होंगे और प्राकृतिक जड़ी-बूटियों के प्रयोग से अपने शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर रोगों को परास्त करेंगे। इस अवसर पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, मुख्य सचिव  आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना  अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव आयुष  प्रशान्त त्रिवेदी, सूचना निदेशक  शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।