कोरोना पॉजिटिव महिला का इलाज करने वाले अस्‍पताल को सैनेटाइज कर प्रशासन ने किया सील


गोरखपुर।  गोरखपुर के बरगदवां में रहने वाली महिला लखनऊ के पीजीआई में इलाज के दौरान कोरोना संक्रमित निकली। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को रेफर करने  वाले अस्पताल को सील कर सैनेटाइज कराया है। 


दिल की बीमारी से जूझ रही महिला बीते शुक्रवार को बेतियाहाता स्थित निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंची। उसके सीने में तेज दर्द हो रहा था। अस्पताल में ईसीजी हुई। जांच में सभी धमनियों में ब्लॉकेज मिला। डॉक्टर ने महिला को लखनऊ रेफर कर दिया। पीजीआई में डॉक्टरों ने रविवार को पेसमेकर लगा दिया। इस दौरान कोरोना सैम्पल जांच के लिए भेजा गया। सोमवार को महिला की कोरोना रिपार्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद हड़कंप मच गया। पीजीआई के कार्डियोलॉजी विभाग को सैनेटाइज कर दिया गया। 


गोरखपुर में मंगलवार को मीडिया के जरिए स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने निजी हॉस्पिटल को सील कर दिया। महिला की ईसीजी होने के दौरान कितने मरीज भर्ती थे, इलाज करने वाले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की जानकारी जुटाई जा रही है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि वहां से सूचना नहीं आई थी। अखबार से सूचना मिलने पर मैंने वहां फोन कर पूरी जानकारी ली है। निजी हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। 


महिला के साथ दो लोग थे, उन्हें तथा एसजीपीजीआइ में पेसमेकर लगाने वाले डॉक्टर को वहीं क्वॉरंटीन करा दिया गया है। महिला को कोरोना वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनके संपर्क में रहे गोरखपुर के लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वह बरगदवा क्षेत्र की रहने वाली है।