खाना बनाते समय अक्सर लग जाता है बर्तनों का ढेर, स्वाद के साथ जूठे बर्तनों से भी छुटकारा दिलाएंगी ये Recipes


नाश्ता हो या लंच, पकाने में ढेरों बर्तन होते हैं और खाने में भी। इन दिनों जब घर के काम खत्म ही नहीं हो रहे, तब आखिर रोटी, सब्जी और दाल को हर समय अलग-अलग क्यों बनाया जाए। कुछ ऐसा क्यों ना बनाया जाए, जिसमें कम से कम काम फैले। 
 
1-अगर आपके पास ओटीजी या ओवन है, तो आप कुछ वेस्टर्न डिशेज भी बना सकती हैं, जैसे चीज मैकरोनी। ये कम बर्तनों में बन जाने वाली डिश है। इसकी रेसिपी ऑनलाइन आराम से मिल जाएगी।


2-दाल या मटर या आलू-प्याज या पनीर के भरवां परांठे बनाने पर आपको सब्जियों और दाल की भरपूर पौष्टिकता तो मिलेगी ही, साथ ही दाल, सब्जी और रोटी अलग-अलग बनाने पर जितने बर्तन होते हैं, उससे काफी कम लगेंगे।


3-चपाती के साथ सब्जियों को टाकोज स्टाइल में परोसें। टमाटर, प्याज, पनीर, उबले काले चने या जो भी सब्जी चाहें, काटें; थोड़ा बटर, नमक, काली मिर्च पाउडर मिलाकर ग्रिलर पर रोस्ट करें। चपाती को तवे पर कपड़े से दबाकर गर्म कर उसकी नमी निकाल दें। उसके बीच में रोस्टेड सब्जियां डालें। मायोनीज और टोमैटो सॉस डालें। आधा मोड़कर परोसें।


4-दाल चीला, वेजिटेबल उत्तपम, होममेड पिज्जा या ब्रेड पिज्जा कुछ ऐसी ही चीजें हैं, जिन्हें बनाने में बहुत ज्यादा बर्तन इस्तेमाल नहीं करने होते हैं।
 
5-कुछ एक्सपेरिमेंट खुद भी कर सकती हैं। जैसे कि कुछ कम पानी में राजमा उबालकर बाहर निकाल लें। और उसी कुकर में पुलाव बना लें। अब उसमें उबला राजमा मिला दें। इस तरह राजमा की पौष्टिकता और स्वाद के साथ ही पुलाव का मजा भी आ जाएगा।