देशभर में 24 घंटे में 3,277 नए केस, 128 की मौत

देश में कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। देश में बीते 24 घंटे में 3277 नए मामले आए जबकि 128 लोगों की मौत हो गई है। 



नई दिल्ली । देश में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों में ही संक्रमितों की संख्या करीब 10 हजार बढ़ गई है। महाराष्ट्र और गुजरात के साथ ही तमिलनाडु में सबसे तेज गति से मामले बढ़ रहे हैं। रविवार को देशभर में 3,277 नए मामले मिले हैं, जिसमें इन तीन राज्यों में ही 23 सौ ज्यादा मामले हैं। संक्रमितों का आंकड़ा 62 हजार को पार कर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में 3,277 नए मामले आए जबकि इस दौरान128 लोगों की जान गई। देश में अब तक 2,109 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है।  


एक दिन में मौतें 


राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से मिले आंकड़ों के मुताबिक रविवार को महाराष्ट्र में 53, गुजरात में 21, बंगाल में 14, दिल्ली में पांच, मध्य प्रदेश में चार, तमिलनाडु में तीन, राजस्थान में दो और कर्नाटक, पंजाब, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और आंध्र प्रदेश में एक-एक शख्‍स की मौत हो गई। 


महाराष्ट्र में 22 हजार से ज्यादा संक्रमित


महाराष्ट्र में शनिवार को 1,278 नए मामले सामने आए। अधिकारियों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में सामने आए 665 मामले भी शामिल हैं, जिन्हें भारतीय चिकित्सा शोध परिषद द्वारा सूची के मुताबिक सम्मिलित किया गया। राज्य में संक्रमितों की संख्या 22,171 हो गई है। राज्य में अब तक 832 लोगों की मौत हुई है।


तमिलनाडु में 669 नए केस


तमिलनाडु में भी और 669 नए मामले सामने आए हैं और संख्या बढ़कर 7,204 हो गई है। पिछले एक हफ्ते में राज्य में संक्रमितों की संख्या दो गुनी हुई है। चार मई को राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 3,550 थी।


गुजरात में 398 नए केस


गुजरात में संक्रमितों का आंकड़ा आठ हजार को पार कर गया है। राज्य में और 398 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें से अहमदाबाद में ही 278 मामले हैं। अहमदाबाद में कुल संक्रमितों की संख्या 5,818 हो गई है, जबकि पूरे राज्य में अभी तक 8,195 लोग संक्रमित हुए हैं।


दिल्ली में पांच लोगों की मौत


दिल्ली में पिछले कुछ दिनों के बाद पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, नए मामलों में कमी आई है। रविवार को 73 केस ही सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 6,923 पर पहुंच गया। पंजाब में 112 नए केस मिलें हैं और संक्रमित 1,900 हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर में 26 नए केस मिले हैं और कोरोना मरीज 862 हो गए हैं।


राजस्थान में बेकाबू कोरोना


राजस्थान में कोरोना पर रोक नहीं लग पा रही है। राज्य में और 106 लोग संक्रमित पाए गए हैं और यह संख्या 3,814 हो गई है। 172 नए केस के साथ मध्य प्रदेश में भी संक्रमितों की संख्या 3,685 हो गई है। बिहार में भी 85 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 696 हो गई है। उत्तर प्रदेश में 89 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 3,467 हो गई है।


ओडिशा में रिकॉर्ड 83 नए केस


ओडिशा में भी 83 नए मामले सामने आए हैं, जो अब तक एक दिन में सबसे बड़ी संख्या है। संक्रमितों की संख्या 377 हो गई है। बंगाल में भी 153 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 1,939 हो गया है। त्रिपुरा में बीएसएफ के 16 और जवान संक्रमित पाए गए हैं और राज्य में मरीजों की संख्या 152 हो गई है।


कर्नाटक में 53 मामले आए सामने


कर्नाटक में 53 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 847 हो गई है। आंध्र प्रदेश में भी 50 केस मिले हैं और 1980 पर संक्रमितों का आंकड़ा पहुंच गया है। 33 नए मामलों के साथ तेलंगाना में आंकड़ा 1,196 पर पहुंच गया है। लेकिन केरल में स्थिति नियंत्रण में है। सात नए केस मिले हैं और अब तक मिले कुल संक्रमितों की संख्या 512 हो गई है। लेकिन एक्टिव केस मात्र 20 ही हैं। तीन लोगों की अब तक मौत हुई है और बाकी के मरीज ठीक हो चुके हैं।