लखनऊ। बाराबंकी के फतेहपुर तहसील क्षेत्र में तीन लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र का एक और मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव के दो लोग हैं। जिलाधिकारी डॉक्टर आदर्श सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिले व्यक्तियों को सुल्तानपुर के एल 1 कोविड अस्पताल स्थानांतरित किया जा रहा है। साथ ही संबंधित गावों को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सीमाएं 26 मई तक सील कर आवागमन प्रतिबंधित करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सभी कुछ दिन पहले मुंबई से आए थे। इस प्रकार जिले में संक्रमित पाए गए लोगों सबसे ज्यादा 5 मुंबई, तीन गुजरात और एक लखनऊ से आए लोग हैं। इससे पहले दिल्ली से आया व्यक्ति संक्रमित पाया गया था, जोकि बाद में स्वस्थ हो गया है। वर्तमान में जिले में corona संक्रमित नौ लोग हैं, जिनका सुल्तानपुर के कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में हॉट स्पॉट की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
श्रावस्ती में भेजे गए 31 सैंपल
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिचड़ी के पंडितपुरवा के दो युवक 11 मई को मुंबई से अपने घर लौटे थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद इन्हें प्राथमिक विद्यालय चिचड़ी में क्वारंटाइन कर सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया था। आई जांच रिपोर्ट में दोनों युवक कोरोना पॉजिटव पाए गए। इनके अलावा यहां क्वारंटाइन तीन लोगों में से अलीम व सलाम को होम क्वारंटाइन के लिए गुरुवार को घर भेज दिया गया था। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद इन्हें भी घर से वापस बुला कर पुन: विद्यालय में क्वारंटान कर दिया गया है। जांच के लिए सैंपल भेजा जा रहा है। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव युवकों को कोविड-19 अस्पताल चित्तौरा बहराइच में शिफ्ट किया गया है। सीएमओ ने बताया कि अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 14 हो गई है। इसमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने बताया कि दो दिनों में जांच के लिए 31 सैंपल और भेजे गए हैं।