नई दिल्ली । यूपी के प्रवासी श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए बसें उपलब्ध कराने के मामले पर उत्तर प्रदेश सरकार और कांग्रेस में जारी गतिरोध अभी भी खत्म नहीं हुआ है। बसों के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी का ट्वीट आया है। प्रियंका गांधी ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राजनीति न करने की अपील की है।
प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में कहा है, 'उप्र सरकार का खुद का बयान है कि हमारी ओर से दी गई 1049 गाड़ियों की लिस्ट में से 879 बसें हैं। ऊँचा नागला बॉर्डर पर आपके प्रशासन ने हमारी 500 बसों से ज्यादा बसों को घंटों से रोक रखा है। इधर दिल्ली बॉर्डर पर भी 300 से ज्यादा बसें पहुंच रही हैं। कृपया, इन 879 बसों को तो चलने दीजिए। हम आपको कल 200 बसें की नई सूची दिलाकर बसें उपलब्ध करा देंगे। बेशक आप इस सूची की भी जांच कीजिएगा।' कांग्रेस ने जो 1049 गाड़ियों की लिस्ट यूपी सरकार को सौंपी थीं उनमें 879 बसें निकलीं, 31 टू और थ्री व्हीलर्स और 69 अन्य वाहन थे। इसके अलावा लिस्ट में शामिल 70 वाहनों के नंबर का कोई डेटा उपलब्ध नहीं है।
पुलिस और पार्टी कार्यकर्ताओं के एक वीडियो शेयर करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा है कि उप्र सरकार ने हद कर दी है। जब राजनीतिक परहेजों को परे करते हुए त्रस्त और असहाय प्रवासी भाई बहनों को मदद करने का मौका मिला तो दुनिया भर की बाधाएं सामने रख दिए। योगी आदित्यनाथ जी इन बसों पर आा चाहें तो भाजपा का बैनर लगा दीजिए, अपने पोस्टर बेशक लगा दीजिए लेकिन हमारे सेवा भाव को मत ठुकराइए क्योंकि इस राजनीतिक खिलवाड़ में तीन दिन व्यर्थ हो चुके हैं। और इन्ही तीन दिनों में हमारे देशवासी सड़कों पर चलते हुए दम तोड़ रहे हैं।
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यालय ने मंगलवार को कहा कि पार्टी प्रवासी मजदूरों को राज्य में वापस लाने के लिए जो एक हजार बसें चलाना चाहती थी, उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने आज सुबह लखनऊ भेजने की मांग की थी, जो साफ दर्शाता है कि योगी सरकार का यह कदम राजनीति से प्रेरित था। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया था कि उप्र सरकार प्रवासी मजदूरों की मदद नहीं करना चाहती थी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को मजदूर प्रवासियों को वापस लाने के लिए 1000 बसें चलाने के कांग्रेस के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। कांग्रेस के इस प्रस्ताव को लेकर दोनों पक्षों के बीच वाकयुद्ध की सी स्थिति बन गयी थी। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निजी सचिव संदीप सिंह को भेजा था, जिसमें 1000 बसें सभी दस्तावेजों के साथ लखनऊ में मंगलवार सुबह 10 बजे सौंपने को कहा था।