देश में कोरोना के मामलों में अब तक सबसे बड़ी बढ़त, 24 घंटे में 1684 नए केस


नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलो में एक दिन में अब तक का सबसे बड़ा इजाफा देखने को मिला है। देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 23 हजार के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1684 नए मामले सामने आए हैं, वहीं 37 लोगों की मौत हो गई है।  शुक्रवार को जारी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 23,077 हो गई है। वहीं, इस खतरनाक कोविड-19 महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 718 पहुंच गया है। कोरोना वायरस के कुल 23,077 मामलों में से 17610 एक्टिव केस हैं। इसके अलावा, 4848 लोग पूरी तरह से ठीक हो गए हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कोरोना वायरस से सर्वाधिक 283 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 7553 हो गई है। 


महाराष्ट्र:  महाराष्ट्र में सबसे अधिक कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कुल 7553 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। कोरोना के इन कुल केसों में से 6430 केस एक्टिव हैं और 840 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इस राज्य में अब तक सबसे अधिक 283 लोगों की जान जा चुकी है। 


दिल्ली: दिल्ली में भी कोरोना के संक्रमण का मामला बढ़ रहा है। राजधानी में कोरोना वायरस के अब तक 3234 मामलों में 2376 एक्टिव केस हैं। कोविड-19 महामारी से जहां 50 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 808 लोग पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं।