CM योगी के पिता आनंद बिष्‍ट का पार्थिव शरीर पहुंचा पैतृक गांव पंचूर, फूलचट्टी घाट पर होगी अंत्येष्टि

यूपी के सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का एम्‍स दिल्ली में निधन होने के बाद उनका पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से सोमवार शाम उनके पैतृक गांव पंचूर (ठागर) पहुंचा। 



ऋषिकेश । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का लंबी बीमारी के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्‍स) दिल्ली में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर कोटद्वार के रास्ते सोमवार शाम करीब सात बजे उनके पैतृक गांव पंचूर (ठागर) पहुंचा। मंगलवार को लक्ष्‍मणझूला मार्ग पर फूलचट्टी घाट पर किया जाएगा। यह घाट गंगा के किनारे है। पहले स्‍वजनों ने हरिद्वार में अंत्‍येष्टि की बात कही थी, लेकिन रात उन्‍होंने निर्णय बदल दिया। वहीं, राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने स्व बिष्ट की आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति सम्वेदना व्यक्त की है।


बता दें कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्‍ली के डॉक्टरों के अनुसार,  साेेेेेेमवार सुबह  10.44 पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट ने अंतिम सांस ली है। 15 मार्च को यहां भर्ती किए आनंद सिंह बिष्ट को लिवर से संबंधित परेशानी थी। कई दिनों से हालत गंभीर होने के कारण उनको आइसीयू में रखा गया था। उनकी डायलिसिस भी चल रही थी।


योगी के पिता के निधन पर विधानसभा अध्यक्ष ने जताया शोक


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रेमचंद्र अग्रवाल ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्‍होंने ने शोक संदेश में कहा है कि दुखी परिवार एवं क्षेत्रवासियों को ईश्वर इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।