24 घंटे में 826 नए मामले, अब तक 420 की मौत


नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 12,759 हो गई है। इन कोरोना मामलों में 10,824 सक्रिय मामले हैं और 1514 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। देशभर में कोरोना से अब तक 420 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना के मामलों में वृद्धि और मृत्यु दर में कमी देखी जा रही है। 24 घंटे में कोरोना के 826 नए मामले सामने आरे हैं और 28 लोगों की मौत हुई है। वहीं, तमिलनाडु में आज 25 नए मामलों की पुष्टि हो गई है। राज्य में मरीजों की संख्या 1,267 हो गई है। मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीसामी ने इसकी जानकारी दी है। पुणे में बुधवार रात को एक 65 साल की महिला की कोरोना वायरस (COVID-19) से मौत हो गई। जिले में मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। महाराष्ट्र में आज 165 और मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें से 107 मामले मुंबई में सामने आए हैं। राज्य में मरीजों की संख्या 3081 हो गई है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी है।