समाज के अंतिम व्यक्ति को हिंदुत्व से जोड़ें स्वयंसेवक : मोहन भागवत

मुरादाबाद में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा राष्ट्र को परम वैभव दिलाने के लिए सतत कार्य करने की जरूरत।



मुरादाबाद ।  चार दिवसीय प्रवास पर मुरादाबाद आए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत ने एमआइटी सभागार में स्वयंसेवकों को समाज के अंतिम व्यक्ति को हिंदुत्व से जोड़ने की नसीहत दी। कहा कि, इसकी शुरुआत हम सभी को अपने घर से करनी होगी। धन, संपदा अर्जित करने से व्यक्ति बड़ा और छोटा नहीं होता है। हमारी संस्कृति सभी को जोड़ना सिखाती है। सर संघचालक ने कहा कि समाज में हो रहे भेद-भाव के नजरिए को समाप्त करने के लिए स्वयं सेवकों को आगे आकर कार्य करना है। 


बैठक में मौजूद सूत्रों की मानें तो सर संघचालक ने स्वयं सेवकों को उदाहरण स्वरूप बताया कि अगर हमारे घर में कोई काम करने के लिए आता है तो हमें उसका सम्मान करना चाहिए। झाड़ू लगाने वाला हो या बर्तन साफ करने वाली, हर कोई अपनी मेहनत से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। हमें ऐसे लोगों को अपने साथ जोडऩा है, ताकि दूसरे भी इससे प्रेरित हो सकें।


कहा कि आज के दौर में समाज बड़े लोगों को ही इज्जत की नजर से देख रहा है और यह तबका आज भी इज्जत के लिए दिन-रात परिश्रम कर रहा है। हमें ऐसे लोगों को अपने साथ जोडऩा होगा। समाज के लिए बेहतर करने वालों को भी हमें जोडऩा है ताकि मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो। स्वयंसेवकों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। कहा कि इसके लिए निरंतर जन-जागरण और अपने कार्य में सतत लगना होगा। हमें अपने देश को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा। 


सख्त रही सुरक्षा व्यवस्था 


एमआइटी में  शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। गेट पर प्रवेश करने के दौरान आईडी दिखानी पड़ी। इसके बाद स्वयंसेवकों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। गेट पर प्रवेश करने के बाद स्वयं सेवकों को भी आईडी दिखाने के बाद ही स्वागत एवं चिकित्सा कक्ष तक जाने की अनुमति मिली। स्वागत कक्ष के पास आइडी दिखाने के बाद आगे जाने दिया गया। 


मकर संक्रांति उत्सव के संग होगा वार्षिक प्रवास का समापन


संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का चार दिवसीय प्रवास शनिवार को समाप्त हो जाएगा। रामगंगा विहार स्थित एमआइटी कॉलेज परिसर में वार्षिक प्रवास कार्यक्रम का समापन मकर संक्रांति उत्सव के साथ होगा। आखिरी दिन संघ प्रमुख के विचारों को सुनने के लिए कार्यक्रम में आरएसएस के लगभग पांच हजार कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग लेंगे। 


सुरक्षा व्यवस्था जांचने पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी


अंतिम दिन होने वाले समारोह की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने के लिए शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी के पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर दोपहर करीब एक बजे सबसे पहले एलआइयू की सीओ सुनीता दहिया पहुंची। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ ही कार्यक्रम का स्थल का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश जारी किए। एलआइयू सीओ के निरीक्षण के बाद एसपी सिटी अमित कुमार आनंद,एडीएम सिटी राजेन्द्र सिंह सेंगर के साथ सीओ कोतवाली राजेश कुमार पहुंचे। 


संघ प्रमुख के साथ 45 मिनट तक अधिकारियों ने देखी व्यवस्था


अधिकारियों ने सर संघचालक के सुरक्षा अधिकारियों के साथ ही कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे संघ के पदाधिकारियों से बातचीत के बाद शनिवार को होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी ली। करीब 45 मिनट रुकने के बाद सभी अधिकारी वापस चले गए।    


गांधी नगर कार्यालय का करेंगे लोकार्पण


आखिरी दिन संघ प्रमुख डॉ.मोहन भागवत गांधी नगर स्थित नवनिर्मित संघ कार्यालय का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सर संघचालक के द्वारा कार्यलय का लोकार्पण किया जाएगा।  


महापौर ने संघ प्रमुख से की भेंट


संघ प्रमुख डॉ.मोहन भागवत से भेंट करने के लिए  महापौर विनोद अग्रवाल पहुंचे। महापौर ने बताया कि संघ प्रमुख ने उनसे पूर्व महापौर स्व.बीना अग्रवाल के निधन की जानकारी लेने के साथ ही शोक व्यक्त किया। 


सीएम के ओएसडी ने की मुलाकात


एमआइटी कॉलेज परिसर में प्रवास कर रहे संघ प्रमुख से मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री के ओएसडी अभिषेक कौशिक भी पहुंचे। हालांकि सीएम के ओएसडी ने संघ प्रमुख से क्या बातचीत की, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।