आम आदमी पार्टी नेतृत्व लगातार सर्वे करा रहा था। इसमें जिन सीटों पर विधायकों की स्थिति कमजोर थी उन पर नए प्रत्याशी उतारे गए।
नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पर बढ़ते लेते हुए मंगलवार को ही सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया है।
मंगलवार को AAP ने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है। इसमें पार्टी में आए बाहरी नेताओं पर दांव लगाने से गुरेज नहीं किया है। बताया जा रहा कि पार्टी नेतृत्व लगातार लगातार सर्वे करा रहा था। इसमें जिन सीटों पर विधायकों की स्थिति कमजोर थी, उन पर नए प्रत्याशी उतारे गए। इसमें कुछ सीटों पर बाहर से आए मजबूत प्रत्याशियों को भी पार्टी ने मौका दिया है।
AAP के प्रत्याशियों की सूची से स्पष्ट है कि पार्टी ने सभी सीटों पर जीतने की रणनीति बनाई है। इसमें कांग्रेस से आए छह लोगों को टिकट दिया है, जबकि एक सीट पर बीएसपी से आए नेता पर दांव लगाया है। इस बार दो बड़े मिठाई वाले भी मैदान में हैं।
प्रत्याशियों की सूची पर गौर करें तो सोमवार को ही कांग्रेस व बसपा से पांच नेता AAP में आए थे। AAP ने इन सभी को टिकट दिया है। इसमें कांग्रेस से आए बदरपुर के पूर्व विधायक रामसिंह नेताजी भी शामिल हैं। इन्हें विधायक एनडी शर्मा की जगह मौका मिला है। इसके बाद एनडी शर्मा ने AAP से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस से आए विनय मिश्र को द्वारका से विधायक आदर्श शास्त्री की जगह टिकट मिली है।
इसी तरह कांग्रेस से आईं राजकुमारी ढिल्लो को हरि नगर सीट से टिकट दिया है। राजकुमारी ढिल्लो 2012 से 2017 तक निगम पार्षद रही हैं। इस सीट पर AAP ने विधायक जगदीप सिंह का टिकट काटा है। कांग्रेस से आए दीपू चौधरी गांधी नगर से टिकट मिला है। अनिल वाजपेयी के पार्टी छोड़ने से यह सीट खाली थी। कांग्रेस से आप में आईं धनवती चंदीला को राजौरी गार्डन से टिकट मिला है। राजौरी गार्डन सीट अकाली-भाजपा गठबंधन के पास है।
कांग्रेस से आए शोएब इकबाल को मटिया महल से टिकट दिया है। शोएब पांच बार यहां से विधायक रहे हैं। इसी सीट पर AAP के आसिम अहमद विधायक थे। इसी तरह कांग्रेस से आए प्रहलाद सिंह साहनी को चांदनी चौक से टिकट दिया है। यह चार बार के विधायक हैं। यह सीट अलका लांबा के कांग्रेस में जाने से खाली हुई थी। जयभगवान उपकार बीएसपी के टिकट से निगम पार्षद हैं। इन्हें बवाना से टिकट दिया गया है। उपकार भी सोमवार को ही AAP में शामिल हुए थे। इससे पहले चौधरी सुरेंद्र सिंह भी बीएसपी से AAP में शामिल हुए थे। उन्हें गोकुलपुर सीट से टिकट दिया गया है। इस सीट पर AAP के चौ. फतेह सिंह विधायक थे।